Spread the love

नई दिल्ली: डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस का सामना करने के लिए तैयार है। आखिरी दो मैचों में टीम के लिए दो अलग-अलग सलामी जोड़ी मैदान पर उतरी है। विराट कोहली के साथ पहले जैकब बेथेल और फिर वेंकटेश अय्यर ओपनिंग करने आए। बेथेल लीग से बाहर हो चुके हैं।

फिल साल्ट क्वालीफायर-1 में खेलेंगे?

विराट कोहली के साथ सीजन के शुरुआत में फिल साल्ट ओपनिंग कर रहे थे। इंजरी की वजह से वह इंग्लैंड चले गए थे। साल्ट वापस आ चुके हैं और ऐसे में सवाल है कि क्या वह विराट कोहली के साथ क्वालीफायर-1 में ओपनिंग करेंगे। रजत पाटीदार से प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह सवाल किया गया। इसपर उन्होंने कहा, ‘वह फिट हैं और अभ्यास भी कर रहे हैं, लेकिन हमने अभी अंतिम एकादश तय नहीं की है।’

तेज गेंदबाजों के लिए रजत पाटीदार चिंतित

डिफेंडिंग चैंपियन टीम के कप्तान रजत पाटीदार भी बल्लेबाजों के बढ़ते प्रभाव की वजह से चिंतित है। उन्होंने कहा कि अब 220 से 250 रन का स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जा सकता और यह स्थिति तेज गेंदबाजों के लिए चिंता का विषय बन गई है। आरसीबी के कप्तान ने कहा- मुझे लगता है कि गेंदबाजों के लिए चुनौती लगातार बढ़ती जा रही है। विकेट बल्लेबाजों की मदद करने वाली होती है। बाउंड्री छोटी हो गई है और ओस का असर भी रहता है। तेज गेंदबाज छोटी सी गलती करते हैं और छक्का पड़ जाता है।