Spread the love

नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर मैच के साथ नया इतिहास लिख रहे हैं। दुनियाभर के अनुभवी और दिग्गज गेंदबाजों के सामने यह युवा खिलाड़ी जिस निडरता से रन बना रहा है उसे देख पूरा क्रिकेट जगत हैरान है। मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव ने एक बार फिर अपनी ताकत का अहसास कराया। उन्होंने महज 7 रनों से अपना शतक जरूर गंवाया लेकिन उनकी 93 रनों की यह पारी टीम को प्लेऑफ के बेहद करीब ले गई। लखनऊ के 220 रनों के विशाल लक्ष्य को राजस्थान ने वैभव के दम पर 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

वैभव सूर्यवंशी का नया सेलिब्रेशन

इस धमाकेदार मुकाबले के दौरान जब वैभव ने अपनी हाफ-सेंचुरी पूरी की तो उन्होंने मैदान पर दोनों हाथों से अंग्रेजी का ‘A’ अक्षर बनाकर एक अनोखा जश्न मनाया। मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान जब मशहूर कमेंटेटर मुरली कार्तिक ने उनसे इस खास सेलिब्रेशन का मतलब पूछा तो वैभव ने बड़ी ही मासूमियत से बात को टाल दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह तक कह दिया कि उन्हें खुद नहीं पता कि इसका क्या मतलब है।

मैच के बाद छिपाई थी बात

जब बड़ी स्क्रीन पर उनके इस जश्न का वीडियो दिखाया गया तब वैभव ने हंसते हुए कहा, ‘मैंने बस इसे ऐसे ही कर दिया। यहां तक कि पिछले मैच में मैंने जो सेलिब्रेशन किया था उसका भी कोई मतलब नहीं था। मैं तो बस हर मैच में कुछ नया ट्राई करने की कोशिश करता हूं।’