Spread the love

इस्लामाबाद: लाल टोपी के नाम से कुख्यात पाकिस्तान के कथित विश्लेषक जैद हामिद ने आर्मी चीफ असीम मुनीर को यमन से दूर रहने के लिए कहा है। हामिद ने कहा है कि सऊदी अरब के लिए यमन में जाकर मुस्लिमों का खून बहाना बेवकूफी होगी, जो आखिरकार बर्बादी का सबब बनेगी। ऐसे में पाक आर्मी किसी सूरत सऊदी के बहकावे में ना आए और यमन में जंग में उतरने की बिल्कुल ना सोचे। जैद ने सऊदी अरब को मुस्लिमों का दुश्मन कहा है। जैद का बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान के मक्का समझौते का पालन करते हुए सऊदी अरब के समर्थन में यमन के हूतियों के खिलाफ जंग में जाने की चर्चा है।

जैद हामिद का ये बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह सऊदी को जमकर भला-बुरा कह रहा है। वहीं पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर की तारीफ करते हुए उनको सलाह दे रहा है कि सऊदी अरब से समझौता करने या पैसा लेने तक ठीक है लेकिन उनके लिए यमन में ना जाएं क्योंकि यमन हकीकत में एक ट्रैप है।

यमन असल में एक ट्रैप: जैद

जैद अपने वीडियो में कहा रहा है कि सऊदी अरब का हूतियों के खिलाफ लड़ाई ग्रेटर इजरायल बनाने का एक सीक्रेट प्लान है। यमन दरअसल एक ट्रैप है, जो वहां जाएगा, वो खत्म हो जाएगा। मैंने पाक फौज को यमन जाने से पहले भी रोका है और इसका खामियाजा भी उठाया है। मुझे सऊदी में गिरफ्तार किया गया और जेल में रहना पड़ा।

जैद ने सऊदी अरब पर गुस्सा निकालते हुए कहा कि इस देश को जो समझा जाता है, वो ये नहीं है। सऊदी को मुस्लिमों का लीडर ना समझा जाए क्योंकि ये एक झूठा मुल्क है और ये मुस्लिमों को बर्बाद करना चाहता है। यमन में सऊदी अरब की लड़ाई भी उसकी ग्रेटर इजरायल और अखंड भारत के लिए की जा रही साजिश का हिस्सा है।

असीम मुनीर की तारीफ

जैद हामिद ने असीम मुनीर की भी जमकर तारीफ की है। जैद का कहना है कि मुनीर एक बहादुर और दूरदर्शी फील्ड मार्शल है, वह सऊदी के ट्रैप में नहीं फंसेगा। सऊदी चाहता है लेकिन मुनीर अपनी फौज को यह इजाजत नहीं देगा कि वे जाकर यमन में बेगुनाहों पर बम बरसाए। हमें उम्मीद है कि मुनीर मुस्लिम वर्ल्ड को एकजुट करने के लिए काम करेगा ना कि सऊदी के लिए यमन में जाकर फंसेगा।