पंकज त्रिपाठी की फिल्म ‘ओह माय डॉग’ बीते महीने 07 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म भले ही महज ₹4.98 करोड़ की नेट कमाई कर पाई, लेकिन जिसने भी इसे देखा, तारीफ किए बिना नहीं रुका। यही कारण है कि फिल्म को IMDb पर 8.1 रेटिंग मिली। यह कहानी एक बच्चे और उसके डॉगी के बीच के भावुक रिश्ते की है। लेकिन यह कोई आम सोशल ड्रामा नहीं है, बल्कि एक क्राइम-थ्रिलर है। मजेदार बात यह है कि ‘ओह माय गॉड 2’ से सुर्खियां बटोरने वाले डायरेक्टर अमित राय की इस फिल्म में 250 कुत्तों ने काम किया है। खासकर ऑस्कर नाम के डॉगी की एक्टिंग ने पर्दे पर सबका दिल जीता। यदि आपने सिनेमाघरों में यह फिल्म नहीं देखी है, तो खुशखबरी यह है कि अब यह OTT पर रिलीज होने वाली है।
अमित राय ने ‘ओह माय डॉग‘ की कहानी के केंद्र में इंसानों और कुत्तों के बीच के रिश्ते को रखा है। लेकिन उनकी स्टोरीटेलिंग लीक से हटकर है। वह एक नहीं, बल्कि दो समानांतर कहानियों और टाइमलाइन को एकसाथ दिखाते हैं। फिल्म में पंकज त्रिपाठी का रोल थोड़ा छोटा है। जबकि माही राय ने दो डॉगी ऑस्कर और ब्रूनो के साथ कमाल का अभिनय किया है।
‘ओह माय डॉग’ की कहानी
कहानी दो टाइमलाइन में चलती हैं। पहली कहानी अप्पू (अप्पू) और उसके देसी कुत्ते मोमो (ऑस्कर) की है। दोनों के बीच गहरी और प्यार भरी दोस्ती है। दूसरी ओर, बिहार में एक बाल मजदूर प्रिंस (निखिल कुमार) और उसका डॉगी ऑस्कर (ब्रूनो) है। एक दिन गेंद का पीछा करते मोमो अचानक गायब हो जाता है। वह वापस नहीं आता। अप्पू और उसकी मां उसे खोजने निकलते हैं। लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चलता। दूसरी कहानी में भी कुछ ऐसा ही होता है, जहां प्रिंस एक दिन लापता हो जाता है।
लापता मोमो और प्रिंस की तलाश और कहानी में ट्विस्ट
पुलिस दोनों ही मामले में हाथ खड़ा कर देती है। लेकिन अप्पू अपने मोमो को और उधर ऑस्कर अपने मालिक प्रिंस को ढूंढ़ने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देते हैं। प्यार, दोस्ती और वफादारी की यह भावुक कहानी में इसके बाद ट्विस्ट आता है। अपराध की दुनिया के दलदल से इसका सामना होता है। मोमो की तलाश के दौरान खुलासा होता है कि शहर में गायब होने वाला अकेले डॉगी वही नहीं है। बल्कि सैकड़ों ऐसे डॉगी लापता हैं। कुत्तों की अवैध तस्करी के धंधे से जुड़े सुराग मिलते हैं। दूसरी ओर, प्रिंस के गायब होने के बाद उधर भी मानव-तस्करी के सबूत मिलते हैं।
मासूम अप्पू और बेजुबान ऑस्कर, कैसे करेंगे तलाश?
हालांकि, इन सब के बीच सबसे बड़ा सवाल है कि क्या मासूम बच्चा अप्पू और बेजुबान डॉगी ऑस्कर, अपने-अपने दोस्त को ढूंढ़ पाएंगे? यह जानने के लिए आपको यह फिल्म देखनी पड़ेगी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी का क्या रोल है, यह भी आपको इसे देखकर ही पता चलेगा।
‘ओह माय डॉग’ OTT रिलीज
अमित राय और पंकज त्रिपाठी इससे पहले ‘OMG 2’ में साथ काम कर चुके हैं। दोनों की यह फिल्म इसी गुरुवार 1 अक्टूबर, 2026 को Netflix पर रिलीज होने वाली है।
‘ओह माय डॉग’ की कास्ट
‘ओह माय डॉग’ में पंकज त्रिपाठी और माही राय के साथ निखिल कुमार, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलक्षणा बरुआ और विजय मिश्रा हैं। इसे राजेश भारद्वाज, अमित राय और सना वारसी ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।



