Spread the love

नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस की सांसें उस वक्त थम गईं जब कप्तान शुभमन गिल प्रैक्टिस के दौरान दो बार चोटिल हो गए। गॉल टेस्ट से पहले कोलंबो में आयोजित प्रैक्टिस सेशन के दौरान घटी इस घटना ने भारतीय टीम की तैयारियों पर कुछ देर के लिए संकट के बादल मंडरा दिए थे। हालांकि, शुरुआती जांच के बाद राहत की खबर आई है और चोट ज्यादा गंभीर नहीं है।

शुभमन गिल को लगी चोट

नेट सेशन के दौरान यह हादसा उस समय हुआ जब तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार की एक तीखी गेंद गिल के सीधे दाएं हाथ के अंगूठे पर जा लगी। टीम इंडिया के कप्तान दर्द से कराह उठे और उन्होंने तुरंत फिजियो को मैदान पर बुलाया। अंगूठे पर पट्टी बंधवाने के बाद गिल ने गजब का जज्बा दिखाया और क्रीज पर वापस लौटे। इसके बाद उन्होंने किसी भी जोखिम से बचने के लिए तेज गेंदबाजों की जगह स्पिनरों के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी का अभ्यास पूरा किया।

एक बार फिर से लगी चोट

मुसीबत यहीं खत्म नहीं हुई। दोपहर में स्लिप कैचिंग ड्रिल के दौरान एक तेज कैच लपकने के प्रयास में गेंद दोबारा उनके उसी दाएं हाथ पर लग गई। इसके बाद उन्हें तुरंत अभ्यास रोककर बर्फ की सिकाई करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि मेडिकल टीम के अनुसार उनकी हड्डी में कोई फ्रैक्चर या बड़ी क्षति नहीं हुई है और गिल ने बाकी का समय सामान्य रूप से बिताया।

पहले से बुमराह हैं चोटिल

भारतीय टीम के लिए यह चोट का डर ऐसे वक्त पर आया है जब टीम पहले से ही प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही है। स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण इस पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं जबकि ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर और युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी बाहर हैं। इसके अलावा साई सुदर्शन अंगूठे की चोट से उबरने के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं।

शानदार फॉर्म में हैं शुभमन गिल

श्रीलंका की टर्निंग पिचों पर भारत के लिए कप्तान गिल का पूरी तरह फिट होना बेहद आवश्यक है। अगर उनके हालिया फॉर्म की बात करें तो रेड-बॉल क्रिकेट में वे जबर्दस्त लय में नजर आ रहे हैं। गिल ने अपने पिछले 10 टेस्ट मैचों की 18 पारियों में 1109 रन बनाए हैं जिसमें 6 शानदार शतक शामिल हैं।