नई दिल्ली: भारत की प्राइवेट डिफेंस टेक्नोलॉजी कंपनी आईजी डिफेंस ने अपने लंबी दूरी के वन-वे ड्रोन KAL का राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में फ्लाइट टेस्ट पूरा किया है। कंपनी के मुताबिक, इस परीक्षण के दौरान ड्रोन को एक वाहन पर लगाए गए लॉन्च प्लेटफॉर्म से उड़ाया गया। टेस्ट का उद्देश्य ड्रोन के एयरफ्रेम, इंजन, नेविगेशन और मिशन सिस्टम के एक साथ काम करने की क्षमता को परखना था।
कंपनी ने यह सार्वजनिक नहीं किया है कि परीक्षण के दौरान KAL ने कितनी दूरी तय की या कितनी देर तक उड़ान भरी। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि ड्रोन में वास्तविक विस्फोटक पेलोड लगाया गया था या उसने किसी लक्ष्य को निशाना बनाया।
1000 किमी तक रेंज, 50 किलो पेलोड
आईजी डिफेंस कंपनी के अनुसार, KAL को लंबी दूरी के एकतरफा हमले वाले मिशन के लिए तैयार किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह ड्रोन अधिकतम 1,000 किलोमीटर तक की रेंज हासिल कर सकता है और करीब 7 से 8 घंटे तक हवा में रह सकता है। इसमें 50 किलोग्राम तक का पेलोड ले जाने की क्षमता बताई गई है। ड्रोन करीब 5,000 मीटर की ऊंचाई तक ऑपरेट कर सकता है।
रडार और एयर डिफेंस सिस्टम बन सकते हैं निशाना
कंपनी के मुताबिक, जरूरत और ऑपरेशनल मंजूरी के आधार पर KAL को रडार प्रतिष्ठानों, एयर डिफेंस सिस्टम और अहम बुनियादी ढांचे के खिलाफ इस्तेमाल किए जाने वाले मिशन के लिए कॉन्फिगर किया जा सकता है।
आईजी डिफेंस के संस्थापक और सीईओ बोधिसत्व सांघप्रिय ने कहा कि हाल के युद्धों में लंबी दूरी तक हमला करने वाले वन-वे ड्रोन की भूमिका बढ़ी है। उनके मुताबिक, KAL को लंबी दूरी की उड़ान, स्वायत्त संचालन, पेलोड क्षमता और बड़े पैमाने पर घरेलू उत्पादन को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।



