Spread the love

दांत बेहद जरूरी अंग है, जो खाना चबाने में मदद करते हैं, जिससे पेट में जाकर खाना आराम से पच जाता है। यह आपकी मुस्कुराहट को भी आकर्षक बनाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह दांत आपके मुंह के अलावा भी कई जगह निकल सकते हैं। एक मामला तो बेहद अजीब (Bizarre) था कि खुद डॉक्टर देखकर चौंक गए। सबसे खास बात यह है कि यह केस भारत का ही है, जिसे अमेरिकन अकेडमी ऑफ ऑप्थाल्मोलॉजी (AAO) में दर्ज किया गया है। इस अजीबोगरीब मामले में एक किशोर की आंख के ऊपर 2 नुकीले दांत निकल आए थे।

इस स्थिति को कहते हैं एक्टोपिक टूथ इरप्शन

NCBI की एक रिपोर्ट के मुताबिक मुंह की निर्धारित जगह के अलावा किसी और जगह दांत निकलने की स्थिति को एक्टोपिक टूथ इरप्शन कहते हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, एक 16 वर्षीय भारतीय किशोर के दो दांत पलक और भौहों के बीच वाली असामान्य जगह पर निकल आए थे। डॉक्टरों ने इस केस को दुनिया का सबसे अनोखा एटिपिकल इवेंट करार दिया।

अभी तक मिले थे ऐसे केस

हालांकि, असामान्य जगह दांतों का विकास होने के मामले पहले भी मिल चुके हैं। AAO की रिपोर्ट के मुताबिक, मेडिकल लिटरेचर में नेजल कैविटी, आंख के नीचे, नथनों के अंदर, मैक्सिलरी साइनस (चीकबोन के अंदर का हिस्सा) के अंदर दांतों का विकास देखा जा चुका है। लेकिन आंख के ऊपर वाले हिस्से में ऐसा मामला ना पहले कभी देखा गया और ना सुना गया। स्टडी की को-ऑथर डॉ. मेघना तंवर के मुताबिक, इस केस में दांत सुपीरियर ऑर्बिट में मौजूद था, जो अपर आई सॉकेट में स्थित होता है।

कुछ महीने रही सूजन

रिपोर्ट बताती है कि किशोर को पहले कुछ महीने तक पलक के ऊपरी हिस्से में दर्द के बिना सूजन थी। इसके बाद दो नुकीली सफेद चीज बाहर निकलती दिखने लगी। थोड़े समय बाद पलक और भौहों के बीच के हिस्से में दो पूरे नुकीले दांत निकल गए। डॉक्टरों को पहले यह एक तरह का दुर्लभ टेराटोमा ट्यूमर लगा, जो हड्डियों और दांत के टिश्यू को प्रभावित करता है। लेकिन बाद में सीटी स्कैन से मैच्योर कैनाइन टूथ की पुष्टि हुई।

सर्जरी से हटाए गए दांत

रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टरों ने सर्जरी करके पलक के ऊपर से दांत हटा दिए और जांच के मुताबिक, किसी और एक्टोपिक टीथ के होने की संभावना भी नहीं है। मेघना तंवर ने बताया कि यह दुनिया का पहला ऐसा दुर्लभ मामला है, जहां दांत डेंटल आर्क के पूरा बाहर विकसित हो रहे थे। यह देखकर हम खुद सरप्राइज थे।