Spread the love

हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 21वें मैच को अपने नाम किया। इस टीम ने सोमवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हराया। इसी के साथ लगातार चार मुकाबलों से चला आ रहा आरआर की जीत का सिलसिला भी टूट गया। हैदराबाद के लिए प्रफुल्ल हिंगे ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लिए। उन्होंने मुकाबले में 4 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

प्रफुल्ल ने डेब्यू के बार में लिखकर रखा था

प्रफुल्ल हिंगे आईपीएल की पारी के पहले ओवर में 3 विकेट लेने वाले पहले बॉलर बन गए हैं। प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद उन्होंने कहा, ‘मैंने (यादगार डेब्यू) इसके बारे में सोचा था। पिछले साल मैंने कहीं लिखा था कि जब भी मैं अपना पहला मैच खेलूंगा, तो मैं पक्का चार या पांच विकेट लूंगा। मैं पावरप्ले में जितना हो सके, उतना हावी होना चाहता था। मुझे मेनिफेस्टेशन पर यकीन है। दूसरों के बारे में तो मुझे नहीं पता, लेकिन मुझे जरूर यकीन है।’

भरोसा था वैभव को पहली गेंद पर आउट करेंगे

प्रफुल्ल हिंगे ने वैभव सूर्यवंशी के विकेट को अपना फेवरेट बताया। उन्होंने कहा- सबसे बेहतरीन विकेट सूर्यवंशी का था, क्योंकि वह फॉर्म में है। मैंने पहले ही कुछ लोगों से कह दिया था कि मैं उन्हें पहली ही गेंद पर आउट कर दूंगा, चाहे बाउंसर से या किसी और तरीके से। मुझे बस पहली गेंद पर उनका विकेट चाहिए था। वही मेरा प्लान था।

परिवार को समर्पित किया प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड

प्रफुल्ल हिंगे ने अपने परिवार को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड समर्पित किया। उन्होंने कहा- मैंने 13 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। उस समय तो मुझे यह भी नहीं पता था कि लेदर-बॉल क्रिकेट क्या होता है। जब मैं 13 साल का था, तो मैंने अपने पिता से कहा कि मैं किसी क्लब में शामिल होना चाहता हूं। उन्होंने एक-दो बार मना कर दिया, यह कहते हुए कि मैं अभी बहुत छोटा हूं। लेकिन किसी तरह, वहीं से सब कुछ शुरू हुआ। उसके बाद मैं बस खेलता ही रहा। आज इस मुकाम पर खड़े होकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैं यह अवॉर्ड अपने परिवार को समर्पित करना चाहता हूँ।