Spread the love

नई दिल्ली: विंबलडन फाइनल में युवराज सिंह और वैभव सूर्यवंशी की पहली मुलाकात हुई। सिर्फ 15 साल की उम्र में अपने बल्ले की धमक से दुनिया को दीवाना बना देने वाले इस खिलाड़ी ने यूवी को भी अपना फैन बना दिया। युवराज ने कहा कि वह वैभव को बॉस बेबी बुलाते हैं। क्योंकि वह दुनिया के सभी गेंदबाजों के बॉस बन चुके हैं। दोनों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।

वैभव सूर्यवंशी से मिले युवराज सिंह

12 जुलाई को यानिक सिनर बनाम अलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच विंबलडन फाइनल देखने के लिए युवराज सिंह पहुंचे हुए थे। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी भी इस मौके पर मौजूद रहे। स्टार स्पोर्ट्स की ओर से जारी किए गए वीडियो में अभिषेक पहले वैभव से पूछते हैं कि तुझे कैसा लग रहा है। इसके जवाब में सूर्यवंशी कहते हैं कि अच्छा लग रहा है।

फिर युवराज सिंह अपने हाथ में माइक लेने के बाद कहते हैं कि मुझे भी बड़ा अच्छा लग रहा है। मैं पहली बार वैभव से मिल रहा हूं। मैं इसे बॉस बेबी बुलाता हूं। सब इसे बॉस बेबी बुलाने लगे हैं, क्योंकि ये गेंदबाजों का बॉस बन चुका है। मुझे आज इससे मिलकर बेहद अच्छा लग रहा है।

वैभव सूर्यवंशी को बुलाते हैं बॉस बेबी

दरअसल, वैभव सूर्यवंशी को उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के चलते बॉस बेबी कहा जाता है। आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने के बाद उनको सोशल मीडिया पर यही कहा जाने लगा। युवराज सिंह की ओर से ये नाम बुलाया जाना वाकई में खास बात है। यूवी अपने दौर के सबसे बड़े सिक्स हिटर में से एक हैं। अब वैभव भी उनकी राह पर चल पड़े हैं।

इंटरनेशनल डेब्यू नहीं रहा खास

वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल क्रिकेट में आगाज कुछ खास नहीं रहा है। पहली 3 पारियों में उनका सर्वाधिक निजी स्कोर 15 का रहा। इंग्लैंड की तेज तरार पिचों पर वैभव संघर्ष करते हुए नजर आए। हालांकि अब जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज में उनके पास अपने आप को साबित करने का मौका होने वाला है। 23 जुलाई से इस सीरीज की शुरुआत होने वाली है।