नई दिल्ली: मेजर लीग क्रिकेट 2026 में ऑकलैंड कोलिसीअम के मैदान पर सिएटल ऑर्कास और वाशिंगटन फ्रीडम के बीच खेले गए मुकाबले में रनों की ऐसी बारिश हुई जिसने फैंस को रोमांचित कर दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिएटल ऑर्कास की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 227 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में वाशिंगटन फ्रीडम का मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप इस दबाव को झेल नहीं सका और पूरी टीम 16.2 ओवरों में महज 139 रनों पर ढेर हो गई। सिएटल ने इस एकतरफा मुकाबले को 88 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया।
शिमरॉन हेटमायर ने जमकर धोया
सिएटल ऑर्कास को इस पहाड़ जैसे स्कोर तक पहुंचाने में वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर ने मुख्य भूमिका निभाई। हेटमायर ने वाशिंगटन के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए मैदान के चारों तरफ शॉट्स खेले। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों का सामना करते हुए 9 गगनचुंबी छक्कों और 2 चौकों की मदद से 79 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्हें सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने शुरुआत में 20 गेंदों पर 37 रनों की तेज तर्रार पारी खेलकर बड़े स्कोर का आधार तैयार किया था। वाशिंगटन की तरफ से मार्को जानसेन ही कुछ असर छोड़ पाए जिन्होंने 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
मार्कस स्टोइनिस ने एक ओवर में ठोके 5 छक्के
इस पारी का सबसे बड़ा आकर्षण सिएटल ऑर्कास के कप्तान और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस की तूफानी बल्लेबाजी रही। स्टोइनिस ने अपनी पारी की शुरुआत बेहद धीमी की थी और पहली 6 गेंदों पर वह सिर्फ 4 रन ही बना सके थे। लेकिन 17वें ओवर में उन्होंने मैच का पूरा रुख ही पलट दिया। वाशिंगटन फ्रीडम के तेज गेंदबाज इयान हॉलैंड के इस ओवर में स्टोइनिस ने अपना असली रौद्र रूप दिखाते हुए एक के बाद एक लगातार 4 छक्के लगाए और ओवर की 5वीं गेंद खाली जाने के बाद आखिरी गेंद पर एक छक्का और ठोक दिया। इसके अगले ओवर में उन्होंने मार्को जानसेन की गेंद पर भी एक कड़क छक्का लगाया हालांकि अगली ही गेंद पर वह कैच आउट हो गए। स्टोइनिस ने मात्र 16 गेंदों में 262.50 के अविश्वसनीयस्ट्राइक रेट से 42 रन बनाए, जिसमें 6 छक्के शामिल थे।
जसदीप सिंह के पंजे में फंसी वाशिंगटन की टीम
228 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाशिंगटन फ्रीडम की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही। सिएटल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जसदीप सिंह ने नई गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि वाशिंगटन का टॉप ऑर्डर पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। जसदीप ने अपने 4 ओवर के कोटे में सिर्फ 24 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनके इस घातक स्पेल की बदौलत वाशिंगटन ने शुरुआती 8 ओवरों के भीतर ही केवल 50 रन पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। स्टीव स्मिथ (1), ग्लेन मैक्सवेल (0) और मिचेल ओवेन (5) जैसे दिग्गज बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए।



