नई दिल्ली: हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सोमवार को आईपीएल 2026 का एक ऐसा मुकाबला खेला गया जिसे सालों तक याद रखा जाएगा। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेब्यू कर रहे बिहार के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने अपनी धारदार गेंदबाजी से राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। 21 साल के इस गेंदबाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4/24 के आंकड़े दर्ज किए जिसकी बदौलत हैदराबाद ने राजस्थान पर 57 रनों की धमाकेदार जीत दर्ज की। साकिब के साथ-साथ एक और डेब्यू करने वाले प्रफुल हिंगे ने भी इतिहास रचा जिन्होंने अपने पहले ही ओवर में तीन विकेट चटकाए। एक समय राजस्थान का स्कोर 9 रन पर 5 विकेट था जिससे वे उबर नहीं पाए और पूरी टीम 19 ओवरों में सिमट गई।
भारतीय सेना में होना चाहते थे शामिल
गोपालगंज बिहार से आने वाले साकिब हुसैन की क्रिकेटर बनने की कहानी बेहद संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक है। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले साकिब का शुरुआती सपना भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना था लेकिन किस्मत उन्हें क्रिकेट के मैदान पर ले आई। उनके जुनून का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके करियर के शुरुआती दिनों में जब क्रिकेट के जूतों की जरूरत थी तब उनकी मां ने अपने गहने बेचकर उनके लिए जूते खरीदे थे।
केकेआर ने भी खरीदा था
2022-23 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मात्र 17 साल की उम्र में 4 विकेट लेकर चर्चा में आए साकिब को 2024 में केकेआर ने खरीदा था लेकिन उन्हें खेलने का मौका अब जाकर हैदराबाद की जर्सी में मिला। मैदान पर उतरते ही साकिब ने अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में खतरनाक यशस्वी जायसवाल को पवेलियन भेजकर राजस्थान को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद उन्होंने डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई को आउट कर राजस्थान की कमर तोड़ दी। उनकी यह गेंदबाजी अब आईपीएल इतिहास के सर्वश्रेष्ठ डेब्यू स्पेल की लिस्ट में शामिल हो गई है।
वरुण एरोन को दिया श्रेय
अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय साकिब ने हैदराबाद के बॉलिंग कोच और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वरुण एरोन को दिया है। मैच के बाद भावुक होते हुए साकिब ने कहा, ‘वरुण भाई पिछले चार सालों से मेरे साथ काम कर रहे हैं। मेरी गेंदबाजी में आज आप जो भी सुधार देख रहे हैं वह उन्हीं की वजह से है। मैं अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय उन्हें देता हूं। उन्होंने मैच से एक दिन पहले ही मुझे बता दिया था कि मैं राजस्थान के खिलाफ खेल रहा हूं जिससे मुझे मानसिक रूप से तैयार होने में मदद मिली।’



