कोलंबो: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो के सिंहली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के पहले दिन यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। यशस्वी को आउट करने के बाद फर्नांडो आक्रामक अंदाज में जश्न मनाते हुए दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने कुछ कमेंट भी किया, जो भारतीय बल्लेबाज को पसंद नहीं आया।
यशस्वी ने गेंदबाज को हेलमेट से धक्का दिया
पवेलियन की ओर जा रहे यशस्वी जायसवाल वापस आए और असिथा फर्नांडो के सामने खड़े होकर बहस करने लगे। इतना ही नहीं यशस्वी ने श्रीलंकाई तेज गेंदबाज के सिर से धक्का देने की भी कोशिश की। मामले को बढ़ता देख मेजबान टीम के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने बीच-बचाव किया।
यशस्वी जायसवाल ने कमेंट किया
क्रिकेट के मैदान पर फिजिकल होने की अनुमति किसी को नहीं होती। यशस्वी जायसवाल पर बैन होने का खतरा मंडरा रहा है। इसके बाद भी वह खुद की हरकत को डिफेंड कर रहे हैं। हर्षा भोगले के वीडियो पर यशस्वी ने कमेंट करके लिखा- अगर आपको नहीं पता कि उन्होंने क्या कहा, तो कृपया कोई राय न बनाएं। अगर कोई हद पार करता है, तो हमें उन्हें यह बताना होगा कि भारत लड़ेगा और जवाब देगा।यशस्वी जायसवाल का यह पहला मौका नहीं है जब मैदान पर ऐसी स्थिति पैदा हुई हो। 2022 के दलीप ट्रॉफी फाइनल के दौरान विपक्षी टीम के बल्लेबाज से उनकी काफी बहस हो गई थी। अंपायर और कप्तान के समझाने के बाद भी वह नहीं मान रहे थे। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने उन्हें मैदान से बाहर भेज दिया था। मैच रेफरी ने यशस्वी पर चार मैच का बैन लगाने की चिट्ठी भी तैयार कर ली थी। लेकिन रहाणे की वजह से वह बच गए।



