‘शेप ऑफ यू’ फेम ब्रिटिश सिंगर एड शीरन शनिवार को फिलाडेल्फिया में LIVE कॉन्सर्ट कर रहे थे। इस दौरान जहां स्टेज के सामने 50,000 लोगों की भीड़ थी, वहीं 35 साल के सिंगर अपने टूर और गाज़ा के हालात से जुड़े विवाद पर बोलते वक्त कई बार रो पड़े। परफॉर्मेंस के बीच में टेलीप्रॉम्प्टर से बयान पढ़ते हुए सिंगर को भावुक देख जहां फैंस की आंखें भी नम हो गईं, वहीं उन्होंने खुलासा किया कि उनके परिवार और दोस्तों ने भी उनका साथ छोड़ दिया है। एड शीरन ने कहा कि वह मुश्किल हालात में लिए गए अपने फैसलों के लिए माफी मांगते हैं।
‘परफेक्ट’ और ‘थिंकिंग आउट लाउड’ जैसे ब्लॉकबस्टर गानों से पहचान बनाने वाले एड शीरन की भारत में भी खूब पॉपुलैरिटी है। वह अक्सर हिंदुस्तान आते-रहते हैं। हालांकि, एक तरफ जहां वह मंच पर भाषण देते हुए भावुक हो रहे थे, वहीं सोशल मीडिया पर उनकी किरकिरी भी हो रही है। यूजर्स इस बात से खफा हैं कि सिंगर ने भाषण देने के लिए टेलीप्रॉम्प्टर का इस्तेमाल किया।
एड शीरन बोले- परिवार और दोस्तों ने मुझे अकेला छोड़ दिया
रैपर मैकलमोर को हटाए जाने के बाद से ही एड शीरन विवादों में हैं। वह शनिवार रात फिलाडेल्फिया के लिंकन फाइनेंशियल फील्ड में अपने ‘लूप टूर’ के तहत परफॉर्म कर रहे थे। 50,000 फैंस की भीड़ के सामने बात करते हुए एड शीरन काफी भावुक दिखे और कई बार रो पड़े। उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते ने उन्हें अपने कुछ सबसे करीबी रिश्तों पर फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया, क्योंकि उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों ने उन्हें ‘अकेला छोड़ दिया’ था।
‘ऐसे हालात में ही पता चलता है कि आपके असली दोस्त कौन’
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सिंगर ने कहा, ‘ऐसे हालात में ही पता चलता है कि आपके असली दोस्त कौन हैं। यह हफ्ता बहुत अजीब रहा। सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। बहुत से लोग मुझसे यह टूर कैंसिल करने के लिए कह रहे थे। कई ऐसे लोग जिन्हें मैं बरसों से जानता हूं। वे मुझसे दूर हो रहे हैं। मेरे मन में यह बात थी कि इस शो के लिए टिकट बिक रहे थे। कैंसिलेशन नहीं हो रहे थे। मैंने लोगों को इसके लिए टिकट खरीदते देखा। हर कोई मुझसे कैंसिल करने के लिए कह रहा है और मुझे ऐसा लग रहा है कि मेरे दोस्त, परिवार और जानने वाले सभी लोग मुझे छोड़ रहे हैं।’
भाई का दावा- एड शीरन पर शर्म आती है, वो अच्छा इंसान नहीं है
वैसे तो एड शीरन ने परिवार के किसी सदस्य का नाम नहीं लिया। लेकिन इसे उनके कजिन जेथ्रो शीरन से जोड़कर देख रहे हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर सिंगर की आलोचना की। जेथ्रो शीरन ने लिखा, ‘आखिरकार सब कुछ सामने आ रहा है! मुझे अपने कजिन एड पर शर्म आती है। आखिरकार दुनिया और उसके फैंस उसकी असलियत देख रहे हैं। वह अच्छा इंसान नहीं है। मुझे उसका म्यूजिक पसंद नहीं है, इसलिए मैं यह भी नहीं कह सकता कि वह अच्छा आर्टिस्ट है।’ जेथ्रो शीरन ने आगे लिखा, ‘सच कहूं तो वह बुरे इरादों और चालाक हरकतों वाला एक मतलबी इंसान है… मैं उसका सगा कजिन हूं और उसने मेरे साथ बुरा बर्ताव किया, मेरी मेंटल हेल्थ का मजाक उड़ाया।’
एड शीरन ने कहा- दुनिया अभी एक डरावनी जगह है
शो के दौरान एड शीरन ने कहा, ‘अभी यह दुनिया एक डरावनी जगह है। अमेरिका भी एक डरावनी जगह है। लेकिन जब मैं आप लोगों को देखता हूं तो मुझे इससे उम्मीद मिलती है।’
एड शीरन और मैकमोलर विवाद क्या है?
एड शीरन का यह कॉन्सर्ट ‘लूप टूर’ से रैपर मैकलमोर को हटाए जाने के बाद हुआ है। इस पर बीते दिनों खूब हंगामा हुआ। एड शीरन ने पहले कहा था कि रैपर को अपने ओपनिंग एक्ट्स में से हटाने का फैसला उनका नहीं था और उन्होंने रैपर, प्रमोटरों और वेन्यू के बीच समझौता करने की कोशिश की थी। दरअसल, रैपर मैकलमोर ने परफॉर्मेंस के दौरान फिलिस्तीन के सपोर्ट में बातें कही थीं। इसके बाद उन्हें टूर से हटा दिया गया। यह बात लोगों को पसंद नहीं आई। विवाद बढ़ा तो एड शीरन के टूर से फिनियास, लुकास ग्राहम, आरोन रोवे और बेओगा ने भी हटने का फैसला किया। एड शीरन आगे 25 सितंबर और 26 सितंबर को फॉक्सबोरो, मैसाचुसेट्स के जिलेट स्टेडियम में परफॉर्म करने वाले हैं।



