वॉशिंगटन: वाइट हाउस ने सोमवार को ‘ट्रंप टीवी: द एसेंशियल्स स्टेशन’ लॉन्च किया है। यह 24/7 चलने वाला डिजिटल वीडियो स्ट्रीम है जिसमें ट्रंप प्रशासन की घोषणाएं, राष्ट्रपति के बयान और दूसरे कंटेंट दिखाए जाएंगे। वाइट हाउस ने ये कदम डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी मीडिया के बीच पिछले हफ्ते से शुरू हुई नये झगड़े के बाद उठाया है। ट्रंप ने पहले CNN, MS NOW और Politico की वाइट हाउस कवरेज पर बैन लगा दी थी जिसके बाद इन तीनों मीडिया समूहों ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ कोर्ट जाने का फैसला किया है।
वाइट हाउस ने कहा कि नई सर्विस प्रशासन के ‘सबसे अहम पलों’ को एक जगह लाएगी और कंटेंट को रियल-टाइम में अपडेट किया जाएगा। इस स्ट्रीम को सोमवार शाम 7 बजे (अमेरिकी समय के मुताबिक) पर वाइट हाउस के YouTube चैनल पर लॉन्च किया गया।
वाइट हाउस ने यूट्यूब चैनल लॉन्च किया
ट्रंप और अमेरिकी मीडिया के बीच के रिश्ते हमेशा से कड़वे रहे हैं। पिछले कार्यकाल में भी सीएनएन रिपोर्टर्स के साथ ट्रंप की बहसबाजी होती रही है। उस समय भी सीनएनएन को वाइट हाउस कवरेज से बैन किया गया था लेकिन बाकी मीडिया चैनलों के सीएनएन के समर्थन में आने के बाद बैन हटा लिया गया था। अब एक बार फिर से ट्रंप ने इन तीनों मीडिया आउटलेट्स की कवरेज की आलोचना करने के बाद उन्हें वाइट हाउस से बैन कर दिया है।
कोर्ट में गया ट्रंप-अमेरिकी मीडिया विवाद
आम तौर पर टेलीविजन पूल ब्रॉडकास्टर्स और दूसरे न्यूज ऑर्गनाइजेशन को राष्ट्रपति से जुड़े कार्यक्रमों की साझा वीडियो कवरेज देता है। पूल के बाधित होने की वजह से वाइट हाउस की अपनी वीडियो फीड राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की फुटेज का एक अहम जरिया बन गई है। ट्रंप ने अमेरिकी समयानुसार सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट में उन तीन ऑर्गनाइजेशन की कड़ी आलोचना की जिन्होंने उनके प्रशासन के खिलाफ मुकदमा किया है।



