सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। यह फिल्म बिहार के बिहटा में वन देवी मंदिर की कहानी पर बनी है। सिंगर सरगम वैश ने फिल्म के गाने ‘ऐगिरि नंदिनी’ को अपना बताया है और मेकर्स पर ‘चोरी करने’ का आरोप लगाया है। दावा किया है कि मेकर्स ने बिना उनकी मंजूरी के फिल्म के ट्रेलर में गाने का इस्तेमाल किया है। यही नहीं, सरगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इन दावों के सबूत भी दिए हैं। उन्होंने The Vvaan की टीम से गाना हटाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं होता है, तो वह कानूनी रास्ता अपनाने पर मजबूर हो जाएंगे।
सिंगर सरगम वैश के यह आरोप ऐसे समय में आए हैं, जब हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के म्यूजिक जगत में लगातार कुछ न कुछ अजीब हो रहा है। कलाकार अपने काम का क्रेडिट लेने के लिए लड़ रहे हैं। इसी महीने की शुरुआत में ‘मिर्जापुर द मूवी’ के मेकर्स पर भी कलाकार रैपेरिया बालम ने आरोप लगाया था कि बिना उनकी इजाजत उनके इंडिपेंडेंट गाने का फिल्म में इस्तेमाल किया है।
The Vvaan के गाने पर प्लेजरिज्म के आरोप
इंडिपेंडेंट सिंगर सरगम वैश ने इंस्टाग्राम पर अपना वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वह कहते हैं, ‘मैं तीन साल से एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहा हूं, और उसमें से एक गाने का इस्तेमाल हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘द वन’ के ट्रेलर में बिना मेरी इजाजत के किया गया है। ‘द वन’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया हैं और इसे दीपक कुमार मिश्रा ने डायरेक्ट किया है। बालाजी टेलीफिल्म्स और TVF ने इसे प्रोड्यूस किया है। उन्होंने बिना मेरी इजाजत के मेरे गाने का 25 सेकेंड तक ट्रेलर में इस्तेमाल किया है।’
सिंगर सरगम वैश ने वीडियो में दिखाए सबूत
सरगम ने इस बाबत सबूत शेयर करते हुए कहा, ‘1 मिनट 8 सेकंड से 1 मिनट 33 सेकंड तक, गाने का नाम ‘ऐगिरि नंदिनी’ है। उन्होंने मेरी मास्टर फाइल, प्रोडक्शन और वोकल्स का वैसा ही इस्तेमाल किया है। मैंने एक बड़े लेबल के साथ डील साइन की है। यदि उस पर कोई असर पड़ता है, तो वे इसके लिए जिम्मेदार होंगे। कृपया अपने ट्रेलर और फिल्म से गाना हटा दें, वरना मेरी लीगल टीम इसे देख लेगी।’
CBFC मेंबर ने पूछा- आपके गाने की मास्टर रिकॉर्डिंग उन्हें कैसे मिली?
दिलचस्प है कि सिंगर के इस वीडियो पर CBFC के सदस्य रिकी केज ने भी कमेंट किया है। उन्होंने पूछा, ‘जब आपने इसे अभी तक रिलीज नहीं किया था तो उन्हें आपकी मास्टर रिकॉर्डिंग कैसे मिली?’ इसके जवाब में सरगम वैश लिखते हैं, ‘यह गाना पहले ही एक और बड़ी फिल्म को दिया जा चुका था और अभी रिलीज नहीं हुआ था। किसी तरह यह गाना दूसरे जरिए से इस फिल्म तक पहुंच गया और ओरिजिनल प्रोजेक्ट से पहले ही इस्तेमाल कर लिया गया। मैं भी यही समझने की कोशिश कर रही हूं।’
यूजर्स बोले- ‘द वन’ के ट्रेलर पर कॉपीराइट स्ट्राइक लगाइए
अब सिंगर के दावों वाले इस वीडियो पर इंटरनेट यूजर्स भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने सरगम से ‘द वन’ के ट्रेलर पर कॉपीराइट स्ट्राइक लगाने के लिए भी कहा। हालांकि, अभी तक ‘द वन’ के मेकर्स ने इन आरोपों पर कोई जवाब नहीं दिया है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ के गाने पर भी हुआ विवाद
इसी महीने की शुरुआत में रैपरिया बालम ने ‘मिर्जापुर द मूवी’ के मेकर्स पर ऐसे ही आरोप लगाए थे। कहा कि उनकी मर्जी के बिना फिल्म में उनके गाने ‘शूरवीर’ का इस्तेमाल किया गया। आर्टिस्ट ने फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी को एक लीगल नोटिस भी भेजा था, जिसमें गाने को हटाने, बिना शर्त माफी मांगने और लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए स्कूल बनवाने की मांग की गई थी।
‘द वन’ की रिलीज डेट और कास्ट
जहां तक ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ की बात है, डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार की यह फिल्म एक माइथोलॉजी, मिस्ट्री और जंगल की कहानियों का मिश्रण है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया लीड रोल में हैं। जबकि उनके साथ सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी अहम भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का छठ व्रत पर बना गाना ‘छठी मैया’ बीते दिनों रिलीज किया गया और जबरदस्त हिट साबित हुआ है। 10 दिनों में इस गाने को यूट्यूब पर 46 मिलियन से अधिक व्यूज मिले हैं। ‘द वन’ फिल्म इसी महीने 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।



