इस्लामाबाद: पाकिस्तान में अमेरिका की कार्यवाहक राजदूत नटाली ए बेकर ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के गिलगित-बाल्टिस्तान का दौरा किया है। बेकर ने स्कर्दू स्थित गवर्नर हाउस में गिलगित-बाल्टिस्तान के कथित गवर्नर सैयद मेहदी शाह से मुलाकात की। एसोसिटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, इस मुलाकात में आपसी हितों के कई मुद्दों पर चर्चा हुई। गौरतलब है कि गिलगिट-बाल्टिस्तान भारत के जम्मू-कश्मीर का हिस्सा है, जिस पर पाकिस्तान ने कब्जा किया हुआ है।
भारत इस इलाके में विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी का विरोध करता है। इसके बावजूद पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास की प्रमुख ने क्षेत्र का दौरा किया है। गिलगित-बाल्टिस्तान के गवर्नर ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों और सहयोग की तारीफ की।
बेकर ने किया सतपारा बांध का दौरा
सैयद मेहदी शाह ने कहा कि गिलगित-बाल्टिस्तान के लोग शांतिप्रिय और मेहमाननवाज हैं। इस दौरान बेकर और शाह के बीच सतपारा बांध को लेकर चर्चा हुई। यह परियोजना स्कर्दू के लोगों के लिए बिजली उत्पादन, सिंचाई और पानी की सप्लाई के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। बेकर ने इसके बाद मेहदी शाह के साथ सतपारा बांध प्रोजेक्ट का दौरा किया। इस दौरान उन्हें बांध से जुड़े मामलों की जानकारी दी गई। इसके अलावा अमेरिकी दूतावास की प्रमुख ने स्कर्दू में टूरिस्ट स्पॉट का भी दौरा किया।
गिलगित-बाल्टिस्तान पर पाकिस्तान की साजिश
अमेरिकी कार्यवाहक राजदूत का दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब पाकिस्तान गिलगित-बाल्टिस्तान को अपना पांचवां प्रांत बनाने की नापाक कोशिश कर रहा है। गिलगित-बालिटस्तान की विधानसभा ने हाल ही में एक प्रस्ताव पारित कर पाकिस्तान सरकार से मांग की है कि वह संविधान में संशोधन कर इस क्षेत्र को देश का पांचवां प्रांत घोषित करे। इसी साल 7 जून को हुए गिलगित-बाल्टिस्तान विधानसभा के लिए चुनाव हुए थे। इसमें किसी दल को बहुमत नहीं मिला था, लेकिन बिलावल भुट्टो की पीपीपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। बाद में पीपीपी और शहबाज शरीफ की PML-N के बीच गठबंधन से सरकार बनी। इसके तहत मुख्यमंत्री का पद पीपीपी और गवर्नर PML-N के हिस्से में आया।



