Spread the love

बार्सिलोना: स्पेन को फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले 19 साल के स्टार लामिन यामाल के घर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में स्पेन की 2-0 की शानदार जीत के कुछ ही घंटों बाद, बार्सिलोना के बाहरी इलाके में स्थित यामाल के आलीशान घर में दो संदिग्ध नकाबपोश चोरों ने घुसने का प्रयास किया। हालांकि, यामाल की प्राइवेट सिक्योरिटी टीम की मुस्तैदी के कारण चोर अपने इरादों में नाकाम रहे और उन्हें खाली हाथ भागना पड़ा।

CCTV कैमरे में कैद हुए नकाबपोश संदिग्ध

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना स्पेन की सेमीफाइनल जीत के ठीक बाद तड़के सुबह की है। चोरों ने तब यामाल के घर को निशाना बनाया जब वे स्पेन की टीम के साथ वर्ल्ड कप खेलने के लिए बाहर हैं। दो नकाबपोश संदिग्धों को यामाल की प्रॉपर्टी की बाउंड्री वॉल पर चढ़ते हुए देखा गया था। चोरों को घर के CCTV ने डिटेक्ट कर लिया। जैसे ही चोरों को अहसास हुआ कि वे कैमरे में कैद हो चुके हैं, वे बिना कुछ चुराए मौके से फरार हो गए। सिक्योरिटी टीम की सूचना पर कैटलन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित किया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोरों की तलाश में जुट गई है।

शकीरा और पिके का रह चुका है यह 9.5 मिलियन पाउंड का बंगला

दिलचस्प बात यह है कि यह घटना यामाल द्वारा वर्ल्ड कप पर जाने से ठीक पहले अपने फैंस को दिए गए एक हाउस टूर वीडियो के कुछ हफ्तों बाद हुई है, जिसमें उन्होंने अपने इस आलीशान बंगले की झलक दिखाई थी। करीब 9.5 मिलियन पाउंड (लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक) की कीमत वाला यह आलीशान बंगला पहले बार्सिलोना के पूर्व डिफेंडर जेरार्ड पिके और कोलंबियाई सिंगर शकीरा का था, जो 2022 में उनके अलग होने के बाद यामाल ने खरीदा था।

बार्सिलोना के खिलाड़ियों को लगातार बनाया जा रहा निशाना

यह इस साल किसी बार्सिलोना खिलाड़ी के घर चोरी के प्रयास का पहला मामला नहीं है। इसी साल फरवरी में बार्सिलोना के डिफेंडर पाउ कुबार्सी के घर से एक महंगी लग्जरी घड़ी चोरी हो गई थी, जबकि गोलकीपर जोन गार्सिया के घर भी चोरों ने नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया था।

मैदान पर यामाल का जलवा बरकरार

इस खौफनाक घटना के बावजूद यामाल के लिए यह वर्ल्ड कप अभियान बेहद शानदार रहा है। उन्होंने फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में एक महत्वपूर्ण पेनल्टी हासिल की और ग्रुप स्टेज में सऊदी अरब के खिलाफ अपना पहला वर्ल्ड कप गोल भी दागा था। इसके अलावा बार्सिलोना क्लब के लिए खेलते हुए 2025-26 के सीजन में उन्होंने 45 मैचों में 24 गोल और 18 असिस्ट किए हैं। अब रविवार को होने वाले वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में सभी की नजरें इस युवा स्टार पर टिकी होंगी। जहां उनकी टीम का सामना अर्जेंटीना से होगा।