नई दिल्ली: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ में अपनी उम्मीदें जीवित रखने के इरादे से भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने मैदान पर उतरेगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेला जाने वाला यह पहला मुकाबला भारतीय टेस्ट इतिहास का 600वां टेस्ट मैच होगा।
टीम इंडिया के नाम होगा बड़ा रिकॉर्ड
इसके साथ ही टीम इंडिया एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद 600 या उससे अधिक टेस्ट मैच खेलने वाली दुनिया की महज तीसरी टीम बन जाएगी। 1932 में अपने टेस्ट सफर की शुरुआत करने वाली भारतीय टीम के नाम अब तक 599 मैचों में 186 जीत दर्ज हैं।
सबसे ज्यादा टेस्ट का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम
अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम दर्ज है जिसने 1877 से अब तक 1097 मुकाबले खेले हैं। ऑस्ट्रेलिया 882 मैचों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर है।
सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाली टीमें:
- इंग्लैंड: 1097 मैच | 405 जीत | 336 हार | 356 ड्रॉ
- ऑस्ट्रेलिया: 882 मैच | 426 जीत | 235 हार | 219 ड्रॉ
- भारत: 599 मैच | 186 जीत | 188 हार | 224 ड्रॉ
- वेस्टइंडीज: 596 मैच | 187 जीत | 224 हार | 184 ड्रॉ
- न्यूजीलैंड: 487 मैच | 126 जीत | 190 हार | 171 ड्रॉ
- दक्षिण अफ्रीका: 479 मैच | 191 जीत | 162 हार | 126 ड्रॉ
- पाकिस्तान: 471 मैच | 153 जीत | 152 हार | 166 ड्रॉ
- श्रीलंका: 329 मैच | 107 जीत | 128 हार | 94 ड्रॉ
जीत के मामले में सबसे आगे ऑस्ट्रेलिया
जीत के आंकड़ों पर नजर डालें तो टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया (426 जीत) के नाम है, जिसके बाद इंग्लैंड (405 जीत) का नंबर आता है। दक्षिण अफ्रीका (191) और वेस्टइंडीज (187) भी जीत के कुल आंकड़ों के मामले में भारत से मामूली बढ़त बनाए हुए हैं लेकिन आगामी सीरीज में भारतीय टीम के पास इन आंकड़ों को और बेहतर करने का पूरा मौका होगा।



