नई दिल्ली: फ्रांस में राजधानी पेरिस सहित कई शहरों में महंगाई और शिक्षा क्षेत्र में बजट निवेश को लेकर लाखों लोग सड़कों पर उतर आए हैं। यह प्रदर्शन अब उपद्रव में बदल गया है। सड़कों पर हिंसा, आगजनी, इमारतों और गाड़ियों में आग लगाई जा रही है। ऐसे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सब के बीच अब भारत में भी इस हिंसा को लेकर चर्चा होने लगी है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी एसपी वैद्य ने इसे लेकर भारत के लोगों को आगाह किया है।
एसपी वैद्य ने भारत सरकार और पुलिस की तारीफ की
पूर्व डीजीपी एसपी वैद्य ने अपने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा कि फ्रांस बहुत बुरी तरह जल रहा है। उन्होंने भारत के लिए भी यही योजना बनाई थी। मुझे लगता है कि भारत सरकार, राज्य सरकारों और भारतीय पुलिस ने, देश के राष्ट्रवादी लोगों की मदद से, भारत में दंगे और आगजनी को रोकने के लिए अब तक बहुत अच्छा काम किया है। मेरी अपील है कि कृपया सतर्क रहें।
दिल्ली पुलिस आंतरिक सुरक्षा मजबूत करें
उन्होंने हाल के दिल्ली पुलिस के एक्शन पर कहा कि मैं पूरी तरह सहमत हूं। विशेष रूप से दिल्ली पुलिस और भारतीय पुलिस को बहुत-बहुत बधाई। कृपया आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करें जो कि आने वाले दिनों में सबसे बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि फ्रांस के अधिकारियों को दंगाइयों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्हें फ्रांस को और अधिक नुकसान से बचाने और शांति बहाल करने के लिए सरकारी ताकत और कानून का इस्तेमाल करना चाहिए, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए।
उदारवादियों और शहरी नक्सलियों के लिए नसीहत
पूर्व डीजीपी ने कहा कि भारत के लिए भी, अपने शत्रुतापूर्ण पड़ोसियों से मिलने वाले बाहरी खतरों के अलावा, आंतरिक सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती होने वाली है। उन्होंने लिखा कि भारतीय उदारवादियों, मार्क्सवादियों, शहरी नक्सलियों के लिए यह सबक है।



