Spread the love

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच गाले में खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन मैदान के बाहर कमेंट्री बॉक्स में एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। खेल के विश्लेषण के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक के बीच ऑन-एयर तीखी बहस छिड़ गई। दोनों पूर्व खिलाड़ी श्रीलंका दौरे पर आधिकारिक ब्रॉडकास्टर के तौर पर कमेंट्री और स्टूडियो पैनल का हिस्सा हैं।

मुरली कार्तिक ने शुरू की बहस

मैच के एक मोड़ पर चर्चा चल रही थी, लेकिन तभी बातचीत अचानक क्रिकेट से भटककर व्यक्तिगत कटाक्ष पर आ गई। इस पूरी बहस की शुरुआत मुरली कार्तिक की एक टिप्पणी से हुई, जिन्होंने मजाक-मजाक में मांजरेकर के चेहरे के पाउट पर सवाल उठा दिया। इसके बाद दोनों ओर से एक-दूसरे के लुक और पर्सनालिटी को लेकर बयानों का दौर शुरू हो गया।

दोनों दिग्गजों के बीच हुई बहस

कार्तिक ने मांजरेकर पर तंज कसते हुए कहा, ‘सभी की तरफ से एक छोटी और बड़ी गुजारिश है। आपका सेंचुरी वाला पाउट बहुत मशहूर है, लेकिन इस पाउट के चक्कर में आप क्या कह रहे हैं समझ ही नहीं आता। कृपया इस पाउट को थोड़ा कम करें।’ कार्तिक के इस कमेंट पर मांजरेकर चुप नहीं रहे और उन्होंने तुरंत काउंटर अटैक किया। मांजरेकर ने स्क्रीन बांटने की मांग करते हुए कहा, ‘यह बहुत खराब था। क्या हम स्प्लिट स्क्रीन करके कैमरा दूसरे बंदे (दूसरे साथी) पर शिफ्ट कर सकते हैं? क्योंकि उनसे बात करना ज्यादा सुखद है और उनका चेहरा भी काफी खुशनुमा है।’

बहुत देर तक चलती रही बहस

इसके बाद मांजरेकर ने बात आगे बढ़ाते हुए कार्तिक पर तंज कसा, ‘मुझे तो बस यह सोचकर हैरानी होती है कि मुरली कार्तिक शीशे में खुद को देखकर अपनी ही आवाज में कहते होंगे ‘सुपरब, सुपरब, सुपरब’।’ इस पर कार्तिक ने पलटवार किया, ‘मैं खुद को कभी नहीं देखता। यह काम सिर्फ तुम्हारा है। जो भी तुम्हें जानता है, जिसने तुम्हारे साथ खेला या काम किया है वह सब जानता है।’

दोनों के बीच तीखी नोकझोंक बढ़ती देख अंत में मांजरेकर ने खुद ही स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने कार्तिक के लुक्स पर आखिरी तंज कसते हुए मामले को शांत किया, ‘मेरे पास शीशे में देखने की एक वजहहै। तुम्हारे लिए मैं समझ सकता हूं कि शीशा देखना कोई खास मोटिवेटिंग काम नहीं है। खैर, हम दोनों ही अपनी हदें पार कर रहे हैं और सोशल मीडिया को आज मसाला मिल जाएगा।’