नई ‎दिल्ली । भारत-चीन सेना ने सीमा पर जारी ग‎तिरोध के बावजूद बैठक की और टकराव वाले स्थानों से सै‎निकों को हटाने पर जोर ‎दिया। बता दें ‎कि लद्दाख के गलवान में 2020 में भारत -चीन सैनिकों के बीच झड़प के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है। इसी बीच चीन के साथ नए दौर की सैन्य वार्ता में भारत ने पूर्वी लद्दाख में टकराव वाले शेष स्थानों से सैनिकों को जल्दी हटाए जाने पर जोर दिया। सूत्रों ने बताया कि कोर कमांडर स्तरीय 19वें दौर की वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने देपसांग मैदान और डेमचोक से जुड़े मुद्दों के समाधान पर विशेष रूप से जोर दिया। यह बातचीत वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास भारतीय क्षेत्र में चुशुल-मोल्डो में हुई। जानकारी के अनुसार सैन्य वार्ता सुबह करीब साढ़े नौ बजे शुरू हुई और करीब 10 घंटे तक चली। समझा जा रहा है कि कोर कमांडर स्तरीय वार्ता से एक दिन पहले रविवार को दोनों ओर के स्थानीय सैन्य कमांडरों ने बातचीत की थी। पूर्वी लद्दाख में कुछ बिंदुओं पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच तीन साल से अधिक समय से गतिरोध बना हुआ है। हालांकि दोनों पक्षों ने व्यापक राजनयिक और सैन्य वार्ता के बाद कई स्थानों से अपने सैनिकों को वापस बुला लिया है।
बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व 14वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रशीम बाली ने किया। इस कोर का मुख्यालय लेह में है। चीनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व दक्षिण शिनजियांग सैन्य जिले के कमांडर ने किया। इससे पहले, 23 अप्रैल को 18वें दौर की सैन्य वार्ता हुई थी जिसमें भारतीय पक्ष ने देपसांग और डेमचोक के लंबित मुद्दों पर जोर दिया था। दोनों देशों के बीच 19वें दौर की सैन्य वार्ता दक्षिण अफ्रीका में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से एक सप्ताह पहले हुई। जानकारी के अनुसार ब्रिक्स सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग भाग लेंगे। गौरतलब है ‎कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने 24 जुलाई को जोहानिसबर्ग में पांच देशों के समूह ब्रिक्स की बैठक के दौरान शीर्ष चीनी राजनयिक वांग यी से मुलाकात की थी।