भोपाल ।  एलएनसीटी कॉलेज में ठेकेदार के पास मजदूरी कर रहे युवक की शुक्रवार को करंट लगने से मौत हो गई। उसका पांव एक कट लगे तार में उलझ गया था। इससे जोरदार शॉक लगा था। साथियों ने उसे पास के निजी अस्पताल में पहुंचाया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बिलखिरिया पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। हादसे की जांच की जा रही है। शव को पीएम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है। रिश्तेदार बॉडी को लेकर उनके गृह जिला विदिशा स्थित घोसुआ गांव ले गए हैं। वहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा।

15 साल पहले की थी लव मैरिज

बलराम उर्फ बल्लू दांगी (36) पुत्र रघवर सिंह दांगी मूलत: घोसुआ गांव विदिशा का रहने वाला था। बीते 15 साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से ही भोपाल में रहने लगा था। यहां वह पुष्पा नगर अशोका गार्डन में किराए का कमरा लेकर रहता था।

भाई ने यह बताया

उसकी बुबा के बेटे प्रेम ने बताया कि शुक्रवार की सुबह बलराम मजदूरी पर जाने का बोलकर निकला था। एक ठेकेदार के पास इन दिनों एलएनसीटी कॉलेज में चल रही साइट पर काम कर रहा था। इस दौरान मिक्सर मशीन चल रही थी। इसमें घोल बन रहा था, गिट्‌टी से भरी तगाड़ी लेकर इसमें डालने के लिए चल रहा था। तभी एक तार में उसका पांव उलझ गया। बारिश के कारण उसका बदन पहले ही गीला था। उससे उसे जोरदार शॉक लगा और वहीं गिर गया।

एक और मजदूर को लगा करंट

बचाने के प्रयास में एक अन्य मजदूर को भी शॉक लगा है। घटना के बाद तत्काल बलराम को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरा मजदूर मामूली रूप से झुलसा था। मामले में अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप

प्रेम का आरोप है कि बलराम की जान ठेकेदार की लापरवाही के कारण गई है। एक मशीन का तार खुला हुआ था, जिसकी जानकारी मजदूरों ने ठेकेदार को दी थी। ठेकेदार ने इस तार पर ध्यान नहीं दिया और इसी कारण उनके भाई की जान चली गई।