भोपाल में ‘आत्म मंथन’ की दिव्य झलक बिखेरता जोन स्तरीय बाल संत समागम संपन्न
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद से निरंकारी मिशन के भोपाल जोन 24 ए में ‘आत्म मंथन’ की दिव्य झलक बिखेरता जोन स्तरीय बाल संत समागम रविवार को संत निरंकारी सत्संग भवन, डी-मार्ट के पास, जहांगीराबाद, भोपाल में आगरा से पधारे आदरणीय ज्ञान प्रचारक महात्मा श्री अमन महेंद्रू जी की पावन उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर महात्मा श्री अमन जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होता है। जिस प्रकार एक नन्हे पौधे को सुरक्षा घेरा देकर सुरक्षित रखा जाता है और समय के साथ वही पौधा एक विशाल वृक्ष बनकर मीठे फल और शीतल छाया प्रदान करता है, उसी प्रकार यदि बच्चों को बचपन से ही आध्यात्मिक संस्कार दिए जाएं, तो वे आगे चलकर एक आदर्श गुरसिख बनते हैं और जीवन में माया, कुरीतियों एवं बुराइयों से अछूते रहते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बच्चे ही देश और निरंकारी मिशन का भविष्य हैं। जिस प्रकार ये बच्चे अभी से भक्ति में लीन होकर समाज को प्रेरणा दे रहे हैं, वह सराहनीय है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद से जोन की विभिन्न शाखाओं में ऐसे आयोजन निरंतर हो रहे हैं, जिससे बच्चों में भक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और वे भविष्य में समाज, मिशन एवं राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे।
समागम में बाल संतों द्वारा विभिन्न आकर्षक भक्तिमय प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने भजन, नाटक एवं अन्य कलाओं के माध्यम से आत्म मंथन का संदेश देते हुए निरंकारी मिशन की गतिविधियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के अंत में जोनल इंचार्ज आदरणीय महात्मा श्री अशोक जुनेजा जी ने बाल संतों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आगरा से पधारी बहन महक महेंद्रू जी, जोन की सभी शाखाओं के संयोजक, मुखी महात्मा, सेवा दल के अधिकारीगण, भाई-बहन तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



