सम्राट सिनेमैटिक्स ने अपनी अपकमिंग मूवी ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ का पहला लुक जारी किया है। ये मोशन पोस्टर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जिंदगी को करीब से जानने का मौका देगा। उनके आध्यात्मिक और राजनीतिक मार्ग को आकार देने वाले फैसलों की झलक पेश करेगा।
परेश रावल और निरहुआ आएंगे नजर
इस फिल्म में अनंत जोशी ने योगी आदित्यनाथ की भूमिका निभाई है, जबकि फिल्म में परेश रावल, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, अजय मेंगी, पवन मल्होत्रा, राजेश खट्टर, गरिमा सिंह ने भी दमदार एक्टिंग की है। साल 2025 में दुनिया भर में हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में इसे रिलीज किया जाएगा। फिल्म का संगीत मीट ब्रदर्स ने दिया गया है। लेखन दिलीप बच्चन झा और प्रियंक दुबे ने किया है। निर्देशक फोटोग्राफी विष्णु राव और प्रोडक्शन डिजाइनर उदय प्रकाश सिंह हैं।
चुनौतियों से भरी योगी आदित्यनाथ की जिंदगी
सम्राट सिनेमैटिक्स की निर्माता ऋतु मेंगी ने कहा, ‘योगी आदित्यनाथ का जीवन चुनौतियों और परिवर्तन से भरा है। हमारी फिल्म उनके सफर को आकर्षक और नाटकीय तरीके से पेश करती है, और उन घटनाओं को जीवंत करती है जिन्होंने उन्हें आकार दिया। कलाकारों की शानदार टोली और एक मनोरंजक कहानी के साथ, हम इस प्रेरणादायक कहानी को दुनिया भर के दर्शकों के सामने लाने के लिए उत्साहित हैं।’
कड़ी मेहनत की है यात्रा
निर्देशक रवींद्र गौतम ने कहा, ‘हमारी फिल्म हमारे देश के युवाओं के लिए अविश्वसनीय रूप से प्रेरणादायक है, जो उत्तराखंड के एक सुदूर गांव के एक साधारण मध्यमवर्गीय लड़के को चित्रित करती है, जो भारत के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य का मुख्यमंत्री बन जाता है। उनकी यात्रा दृढ़ संकल्प, निस्वार्थता, विश्वास और नेतृत्व की है, और हमने एक ऐसा अनुभव बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है जो उनके अविश्वसनीय जीवन के साथ न्याय करता है।’