ईद, दिवाली, क्रिसमस और दशहरा की तरह होली के त्योहार की गिनती भी फिल्मी दुनिया में बड़ी और कमाऊ रिलीज डेट के तौर पर होती है। यही वजह है कि फिल्म निर्माता इस रंग-बिरंगे त्योहार पर भी हमेशा बड़ी फिल्में रिलीज करते रहे हैं। पिछले कुछ साल में होली पर रिलीज हुईं हिट फिल्मों में ‘केसरी’ और ‘तू झूठी मैं मक्कार’ शामिल हैं। इस साल भी होली पर आयुष्मान खुराना की ‘पति पत्नी और वो 2’ रिलीज होनी थी। लेकिन पिछले दिनों इस फिल्म को पोस्टपोन कर दिया गया। ऐसे में होली वाले दिन नई फिल्म रिलीज नहीं होने से सिनेमा के दर्शक निराश हैं। हालांकि, सिनेमाघरों में ‘द केरल स्टोरी 2’ जरूर आई है। लेकिन यह उत्सव के मूड के लिहाज से अलग जॉनर की फिल्म है। इसके अलावा री-रिलीज ‘तेरे नाम’, और ‘ये दिल आशिकाना’ भी हैं। जबकि ‘ओ रोमियो’, ‘अस्सी’, ‘दो दीवाने सहर में’, ‘मर्दानी 3’ और ‘बॉर्डर 2’ अब पुरानी और धीमी हो चली हैं।
वेव सिनेमाज के वाइस प्रेसिडेंट योगेश रायजादा कहते हैं, ‘साल 2026 की पहली तिमाही अब तक कुछ खास नहीं रही। अब होली पर भी कोई नई बड़ी फिल्म नहीं आ रही। यह हमारे और दर्शकों दोनों के लिए निराशाजनक खबर है। अब बस यही उम्मीद है कि ईद पर आने वाली फिल्में अच्छा प्रदर्शन करें, ताकि हमारी पहली तिमाही ठीकठाक निकल जाए।’
कम चलेंगे शोज, होगी आगे की तैयारी
बकौल योगेश, ‘हमें उम्मीद है कि इस हफ्ते रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी 2‘ को लेकर दर्शकों में क्रेज बढ़ेगा। ताकि यह अगले हफ्ते भी सिनेमाघरों में दर्शक खींचने में सफल रहे। इसके अलावा हमें री-रिलीज होने वाली फिल्मों का ही सहारा रहेगा। बेशक होली पर कोई नई फिल्म रिलीज नहीं होगी, तो हम अपने शोज की संख्या कम करके ईद पर उमड़ने वाली दर्शकों की भीड़ के लिए सिनेमाघरों को तैयार करेंगे।’
‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ के क्लैश से बचने की कोशिश
फिल्म बिजनस एनालिस्ट गिरीश जौहर भी ऐसी ही राय रखते हैं। वह कहते हैं, ‘होली पर नई और बड़ी फिल्मों की रिलीज नहीं होने से दर्शक निराश हैं। सिनेमाघरों में भी सुस्ती है। फिल्मवालों ने ईद पर ‘धुरंधर 2‘ और ‘टॉक्सिक’ के क्लैश से बचने के लिए होली पर रिलीज होने वाली फिल्मों को पोस्टपोन कर दिया है।’होली के मौके पर बीते 10 साल में सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड अक्षय कुमार की ‘केसरी’ के नाम है, जिसने देश में 155.70 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद दूसरे नंबर पर रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की ‘तू झूठी मैं मक्कार’ है, जिसने 147.28 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। लिस्ट में तीसरे नंबर पर वरुण धवन-आलिया भट्ट की ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया है’, जिसने 117.89 करोड़ कमाए और सुपरहिट रही। बीते 10 साल में होली के मौके पर बॉक्स ऑफिस का खाता-बही देखें तो इसमें 1 सुपरहिट, 3 हिट, 2 एवरेज, 2 फ्लॉप और 2 डिजास्टर फिल्में हैं।



