Spread the love

भोपाल। नर्मदापुरम रोड पर सोमवार तड़के यात्रियों से भरी एक बस हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। तेज रफ्तार से दौड़ती हुई बस के दो पहिए अचानक निकल गए। घटना के समय बस में कई सवारियां मौजूद थीं। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई

बस इंदौर से बालाघाट जा रही थी

वर्मा ट्रैवल्स की बस इंदौर से बालाघाट के लिए भोपाल से होते हुए जा रही थी। सुबह करीब 4:30 बजे नर्मदापुरम रोड पर सागर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के पास अचानक बस के पिछले दो पहिये निकल जाने के बाद बस बीच रोड पर ही खड़ी रह गई। इसे हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी।

ट्रैफिक न होने के कारण हादसा टल गया

दोपहर 12 बजे तक बस के बीच सड़क पर खड़े रहने के कारण रोड की एक लेन पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तड़के ट्रैफिक न होने के कारण हादसा टल गया। वहीं दोनों पहिये बाहर निकलकर सर्विस रोड के डिवाइडर से टकरा गए थे। मिसरोद थाना प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली थी, लेकिन कोई शिकायत या अस्पताल से मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।