कोरिया जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ (टी.आर. आई.एफ.ई.डी.) के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने कोरिया की महिला युग फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से 71 हजार 275 रुपये मूल्य के ऑर्गेनिक उत्पादों की खरीदी का आदेश जारी किया है। यह पहल जिले के जनजातीय उत्पादकों और महिला समूहों को प्रोत्साहित करने और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
क्षेत्रीय प्रबंधक, श्री पी.एम. खडाने के अनुसार, महिला युग कंपनी द्वारा कुल 425 इकाइयों के उत्पाद आपूर्ति किए जाएंगे। इनमें सोनहनी शहद, मूंगफली तेल, करहानी चावल, जीराफूल सुगंधित चावल, त्रिफला चूर्ण, हवन सामग्री, विभिन्न प्रकार के अचार और वंदना ब्रांड के मसाले शामिल हैं। ट्राईफेड ने स्पष्ट किया है कि सभी उत्पाद उच्च गुणवत्ता वाले होंगे और ट्राइब्स इंडिया लेबल के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यालय में आपूर्ति किए जाएंगे।
आत्मविश्वास बढ़ेगा और भी समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगी :
कोरिया कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि यह कदम जिले के महिला उत्पादकों और जनजातीय समूहों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे महिला समूहों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और अन्य महिलाएँ भी समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगी।
स्थानीय और पारंपरिक व्यवसायों को मिलेगा बढ़ावा :
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय और पारंपरिक व्यवसायों को बढ़ावा मिलना, महिला समूहों का आर्थिक और सामाजिक स्तर मजबूत करना और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुँचाना इस खरीदी का प्रमुख उद्देश्य है।
यह आदेश स्थानीय महिलाओं के सशक्तीकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान देने की दिशा में ट्राईफेड की निरंतर पहल का हिस्सा है।