Spread the love

नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम अभी बांग्लादेश के दौरे पर है। टी20 विश्व कप के सुपर-8 से बाहर होने वाली पाकिस्तानी टीम 11 मार्च से बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम में बाबर आजम के साथ ही ऑलराउंडर सईम अयूब और तेज गेंदबाज नसीम शाह को ड्रॉप कर दिया गया था। अब सीरीज शुरू होने से पहले पाकिस्तान के वनडे कप्तान शाहीन अफरीदी का कहना है कि किसी को भी टीम से ड्रॉप नहीं किया गया है।

वनडे सीरीज शुरू होने से पहले मीडिया से बात करते हुए शाहीन ने कहा, ‘इस सीरीज के लिए किसी को ड्रॉप नहीं किया गया है। हम युवा खिलाड़ियों को मौके देना चाहते हैं क्योंकि वे हमारा फ्यूचर हैं। हम उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ मौका देना चाहते थे। जब टाइम आएगा तो उन्हें अपना रोल पता चल जाएगा और फ्यूचर में क्या होने वाला है और हमें बस अपनी टीम को वर्ल्ड कप के लिए तैयार करना है। यह यंगस्टर्स के लिए अपनी स्किल्स दिखाने का एक अच्छा मौका है।

साहिबजादा फरहान का वनडे डेब्यू होगा

शाहीन शाह अफरीदी ने बताया है कि ढाका में होने वाले पहले वनडे में तीन खिलाड़ी डेब्यू करेंगे। उन्होंने कहा कि साहिबजादा फरहान, माज सदाकत और शमील हुसैन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे। साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ओपनिंग करेंगे जबकि शमील तीसरे नंबर पर खेलते दिखेंगे।कप्तान अफरीदी ने कहा- हम उन्हें पाकिस्तान की ओर खेलते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं। यह सिर्फ एक सीरीज की बात नहीं है, बल्कि यह फैसला भविष्य को देखते हुए लिया गया है। उन्हें यहां खेलने का अनुभव है। इन खिलाड़ियों ने यहां बांग्लादेश लीग खेली है। साहिबजादा फरहान और सदाकत यहां खेल चुके हैं और पिछले साल कुछ और खिलाड़ी भी शामिल थे। यह सभी यहां के मैदानों और परिस्थितियों से परिचित हैं। मुझे उम्मीद है कि वह अपना बेस्ट प्रदर्शन करके दिखाएंगे।

साहिबजादा फरहान का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा था। फरहान टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 6 मुकाबलों में 160 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 383 रन बनाए थे। फरहान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो शतक लगाए थे। फरहान की हालिया फॉर्म को देखते हुए ही उन्हें अब वनडे टीम में शामिल किया गया है।