नई दिल्ली: WWE के प्रशंसक तैयार हो जाइए! WWE Saturday Night’s Main Event में कुछ बड़े धमाके होने वाले हैं। यह इवेंट 24 मई को फ्लोरिडा के टैम्पा में होगा। जॉन सीना, सेथ रॉलिंस, सीएम पंक और लोगन पॉल जैसे बड़े नाम इसमें शामिल होंगे। हाल की घटनाओं को देखते हुए यह शो चौंकाने वाले पलों से भरा हो सकता है। फैंस को एक से बढ़कर एक कहानियां और मोमेंट्स देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि वे कौन-कौन से ऐसे चौंकाने वाले पल इस इवेंट में हो सकते हैं जो इस शो को यादगार बना देंगे।
रोमन रेंस की वापसी
रोमन रेंस रेसलमेनिया 41 के बाद से WWE में नहीं दिखे हैं। पिछली बार जब वे टीवी पर थे तब सेथ रॉलिंस और ब्रॉन ब्रेकर ने उन्हें बुरी तरह पीटा था। उन्होंने पॉल हेमैन के साथ हाथ मिला लिया था। अब जबकि रॉ पर ये दोनों कहर बरपा रहे हैं, तो रेंस की वापसी का समय आ सकता है। WWE Saturday Night’s Main Event में रॉलिंस और ब्रेकर से बदला लेने के लिए वापस आ सकते हैं। यह तब हो सकता है जब उनका टैग टीम मैच सीएम पंक और सैमी जेन के साथ चल रहा हो।
सेथ रॉलिंस ने सैमी जेन को आगे बढ़ने और WWE में बड़ा नाम कमाने का मौका दिया था। लेकिन जेन ने रॉलिंस के दुश्मन सीएम पंक का साथ दिया। इससे WWE Saturday Night’s Main Event में उनका टैग टीम मैच तय हो गया। हालांकि, रॉलिंस की ताकत को देखकर और अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए, जेन कुछ भी कर सकते हैं। वे सीएम पंक को बीच मैच में धोखा दे सकते हैं और पॉल हेमैन के ग्रुप में शामिल हो सकते हैं। यह एक बहुत बड़ा झटका होगा।



