रियलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला 7’ में नजर आए मयंक पवार की मौत हो गई है, जिससे फैंस को तगड़ा झटका लगा है। मयंक पवार भले ही Splitsvilla 7 में बतौर कंटेस्टेंट नजर आए, पर वह मिस्टर इंडिया भी थे। उन्होंने शो में हर किसी को अपना मुरीद बना लिया था। मयंक पवार 37 साल के थे और उनकी अचानक मौत पर किसी को भी विश्वास नहीं हो रहा है। मयंक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है, पर उनकी टीम ने दुखभरी खबर मयंक पवार के इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए दी।
मयंक पवार की टीम ने दी उनकी मौत की जानकारी
मयंक पवार के इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा है, ‘एक भाई, एक चैंपियन, एक मेंटॉर और कई लोगों के लिए प्रेरणा…मयंक पवार हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।’ साथ में शोक सभा की जानकारी भी दी है, जिसमें लिखा है, ‘हमें यह बताते हुए बड़ा दुख हो रहा है कि 6 बार के मिस्टर इंडिया रहे मयंक पवार, जो सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर, फिटनेस आइकन थे और ‘स्प्लिट्सविला 7′ में नजर आए, उनका निधन हो गया।’
जब ‘स्प्लिट्सविला 7’ से निकले मयंक तो रोई थीं सनी लियोनी
मयंक पवार की शोक सभा 25 फरवरी को शाम 5 से 6 बजे के बीच राणा प्रताप बाग में संगम पार्क के पास वाल्मीकि मंदिर में रखी गई है। मयंक रियलिटी शो की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम थे। वह ‘स्प्लिट्सविला 7’ में हिस्सा लेने के बाद और पॉपुलर हो गए थे। मयंक जब शो से बाहर हुए, तो फैंस बुरी तरह टूट गए थे। यहां तक कि शो की होस्ट सनी लियोनी रो पड़ी थीं और मयंक को गले लगा लिया था।
कौन थे मयंक पवार? जानिए उनके बारे में
मयंक पवार 1 जनवरी साल 1989 को पैदा हुए थे। उनका फिटनेस की दुनिया में भी काफी नाम था। अपनी फिटनेस जर्नी और बॉडी बिल्डिंग के लिए मयंक पवार लाखों लोगों के लिए प्रेरणा रहे। ऐसे में जब उनकी मौत की खबर आई, तो फैंस के होश उड़ गए। 23 फरवरी को मयंक की मौत हो गई, पर मौत का कारण अभी पता नहीं चल सका है। मयंक पवार ने जहां मिस्टर इंडिया का टाइटल 7 बार जीता, वहीं वह मिस्टर एशिया भी रहे थे।
चलाते थे पर्सनल ऑनलाइन कोचिंग सेंटर भी
मयंक ‘एमपी फिटनेस’ नाम से एक पर्सनल ऑनलाइन कोचिंग भी चलाते थे, जिसमें वह कॉन्टेस्ट की तैयारी से लेकर रैंप मॉडलिंग और बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के बारे में सिखाते थे। रियलिटी टीवी की दुनिया में आने से पहले मयंक पवार ने बतौर मॉडल और फिटनेस एंथ्युजिएस्ट करियर की शुरुआत की थी। लेकिन ‘स्प्लिट्सविला 7’ में आने के बाद से उनकी पॉपुलैरिटी बढ़ गई थी।



