फिल्म इंडस्ट्री में कुछ ऐसे सितारे होते हैं, जिनकी कहानी सिर्फ सफलता की नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और हिम्मत की मिसाल बन जाती है। ऐसा ही एक नाम है प्रभु देवा का, जिन्हें ‘इंडिया का माइकल जैक्सन’ कहा जाता है। अपने डांस स्टाइल से करोड़ों लोगों को दीवाना बनाने वाले प्रभु देवा ने अपने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उनके करियर में एक ऐसा भी पल आया, जब शूटिंग के दौरान अचानक उनके शरीर ने काम करना बंद कर दिया और उन्हें पैरालिटिक अटैक आया था। वहीं शादीशुदा और 3 बच्चों के पिता रह चुके प्रभु देवा नयनतारा के साथ अपने रिश्ते को भी लेकर काफी चर्चा में रहे थे। हालांकि, नयनतारा के सामने उन्होंने तीन शर्तें रखी थीं, जिसमें से तीसरी शर्त ने उनके इस प्यार को तहस-नहस कर दिया।
एक समय था जब नयनतारा और प्रभु देवा की प्रेम कहानी फिल्म इंडस्ट्री में सबसे सुर्खियों में रहा करती थी। ‘विल्लू’ की शूटिंग के दौरान उनके बीच ये रिश्ता शुरू हुआ और यहीं से काफी चर्चा भी होने लगी थी। कहते हैं कि शादीशुदा प्रभु देवा के लिए उनकी पत्नी रामलता तक से भिड़ने वाली नयनतारा से उनका रिश्ता एक शर्त की वजह से खत्म हो गया।
प्रभु देवा के लिए पहली पत्नी मुस्लिम से बनी थीं हिंदू
यहां ये भी बता दें कि प्रभु देवा ने पहली शादी 1995 में रामलता से शादी की थी। शादी से पहले रामलता मुस्लिम थीं, लेकिन प्रभु देवा से शादी करने के लिए उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया था और अपना नाम बदलकर लता रख लिया था। इस शादी से उन्हें तीन बेटे हुए,जिनमें से बड़े बेटे की मौत कैंसर की वजह से हो गई। रामलता ने एक इंटरव्यू में कहा भी था, ‘प्रभु देवा के बच्चे ही उनकी जिंदगी हैं। उन्हें दोनों से बेहद लगाव है। बाप-बेटे की यह तिकड़ी हर परिस्थिति में आपस में बात करती है। बच्चों से जुड़े हर फैसले हम आपसी सहमति से लेते हैं।’
नयनतारा के सामने प्रभु देवा की तीन शर्तें
शादीशुदा प्रभुदेवा की लाइफ में नयनतारा की लव स्टोरी किसी परीकथा जैसी लगने वाली कहानी थी जिसके खत्म होने से कई लोग हैरान रह गए कि आखिर उनके बीच ऐसा क्या हुआ। एशियननेट तमिल के मुताबिक, उनके ब्रेकअप की वजह प्रभु देवा की ओर से शादी से पहले रखी गई तीन प्रमुख शर्तें थीं। उन्हीं तीन शर्तों में से एक शर्त आखिरकार उनके अलगाव का कारण बनी।
नयनतारा को पहले रिश्ते में मिला था धोखा
यहां ये भी बताना जरूरी है कि प्रभु देवा से रिश्ते में आने से पहले नयनतारा सिंबू के साथ अपने लव स्टोरी को लेकर सुर्खियों में थीं। उनकी प्रेम कहानी ‘वल्लवन’ के सेट पर परवान चढ़ी और वे साथ में दोनों विदेश यात्रा पर भी गए थे। दोनों की कुछ प्राइवेट तस्वीरें लीक हो गईं और ऐसा माना गया कि ये गलती कथित तौर पर सिंबू की तरफ से हुई थी। नयनतारा को लगने लगा कि वो धोखे का शिकार हो गई हैं। नयनतारा ने रिश्ता तोड़ लिया और कुछ समय तक वो अकेली ही रहीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात प्रभु देवा से हुई और उनका रिश्ता थोड़े ही दिनों में काफी मजबूत हो गया। शुरुआत में उन्होंने अपने रिश्ते को छिपाकर रखा, लेकिन जल्द ही वे लोगों की नजरों में आ गए।
नयनतारा के सामने क्या थी प्रभु देवा की शर्तें
प्रभु देवा ने नयनतारा के साथ रहने के लिए अपनी पहली पत्नी रामलता को तलाक देने के लिए तैयार हो गए। वहीं नयनतारा ने उनके लिए हिंदू धर्म अपनाने की भी इच्छा जताई, जो उनके रिश्ते के प्रति उनके कमिटमेंट का सबूत थी। कहते हैं कि प्रभु देवा ने नयनतारा के सामने तीन प्रमुख शर्तें रखी थीं। नयनतारा ने धर्म परिवर्तन करने और इसे स्वीकार करने के अलावा इस बात पर भी सहमति जताई कि उनकी पहली शादी से हुए बच्चे हमेशा उनकी प्रायॉरिटी रहेंगे। वहीं कहते हैं कि तीसरी शर्त ने दोनों के रिश्ते को न केवल कमजोर कर दिया बल्कि सबकुछ खराब भी कर दिया। तीसरी शर्त के मुताबिक, प्रभु देवा वह चाहते थे कि शादी के बाद नयनतारा एक्टिंग छोड़ दें। कई बार बातचीत के बावजूद, नयनतारा ने अपने सफल करियर को छोड़ने से इनकार कर दिया, जिससे उनके बीच तनाव बढ़ता चला गया। उनके बीच मतभेद इतना बढ़ गया कि उन्होंने अलग होने का फैसला कर लिया।
बहुत कम उम्र में ही क्लासिकल डांस सीखना शुरू कर दिया था
3 अप्रैल 1973 को कर्नाटक के मैसूर में जन्मे प्रभु देवा का पूरा नाम प्रभु देवा सुंदरम है। उनका परिवार पहले से ही डांस से जुड़ा हुआ था। उनके पिता मुगुर सुंदर साउथ फिल्मों के जाने-माने डांस मास्टर थे। बचपन से ही प्रभु देवा को डांस का शौक था और उन्होंने बहुत कम उम्र में ही क्लासिकल डांस सीखना शुरू कर दिया। उन्होंने घर पर ही प्रैक्टिस करते-करते अपने डांस को इतना बेहतर बना लिया कि आगे चलकर वही उनकी पहचान बन गया।
‘मैं ऐसा क्यों हूं’, ‘मुकाबला’ और ‘के सेरा सेरा’ जैसे गानों में कोरियोग्राफी की
प्रभु देवा ने अपने करियर की शुरुआत बैकग्राउंड डांसर के तौर पर की थी। शुरुआत में छोटे-छोटे रोल और डांस करने के बाद उन्हें कोरियोग्राफी का मौका मिला। साल 1989 में उन्होंने बतौर कोरियोग्राफर काम शुरू किया और ‘मैं ऐसा क्यों हूं’, ‘मुकाबला’ और ‘के सेरा सेरा’ जैसे गानों में कोरियोग्राफी की। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग में भी कदम रखा और ‘काधलन’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाई। उनके डांस मूव्स और स्क्रीन प्रेजेंस को लोगों ने खूब पसंद किया।
प्रभु देवा ने निर्देशन की दुनिया में भी कदम रखा
इसके बाद, प्रभु देवा ने निर्देशन की दुनिया में भी कदम रखा और यहां भी सफलता हासिल की। उन्होंने ‘वॉन्टेड’ जैसी सुपरहिट फिल्म डायरेक्ट की, जिसमें सलमान खान नजर आए थे। इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, बल्कि बॉलीवुड में प्रभु देवा को एक सफल डायरेक्टर के रूप में स्थापित कर दिया। इसके बाद उन्होंने कई बड़ी फिल्मों का निर्देशन किया और लगातार सफलता हासिल की।
यह उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर था
उनके जीवन का सबसे चौंकाने वाला पल तब आया, जब एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें अचानक टेम्प्ररी पैरालिसिस अटैक आया। वह डांस कर रहे थे, तभी उनके शरीर ने अचानक काम करना बंद कर दिया और वह जमीन पर गिर पड़े। उस समय स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि यह मांसपेशियों में खिंचाव के कारण हुआ था। कुछ समय के इलाज और आराम के बाद उन्होंने धीरे-धीरे खुद को संभाला और फिर से डांस की दुनिया में लौट आए। यह उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
प्रभु देवा को दो बार नेशनल अवॉर्ड मिल चुका है
प्रभु देवा को उनके शानदार काम के लिए कई बड़े सम्मान भी मिले हैं। उन्हें कोरियोग्राफी के लिए दो बार नेशनल अवॉर्ड मिल चुका है। इसके अलावा, साल 2019 में उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया।



