काबुल/पाकिस्तान: अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने पिछले हफ्ते किए गये पाकिस्तानी हमले के खिलाफ ऑपरेशन लॉन्च करने की बात कही है। वहीं टोलो न्यूज ने अफगानिस्तान सुरक्षा बलों के हवाले से पाकिस्तान के जेएफ-17 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है। टोलो न्यूज ने अफगानिस्तान सुरक्षा बलों के हवाले से बताया है कि अफगान सेना ने एक पाकिस्तानी विमान को मार गिराया है जो अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुस आया था। तालिबान से जुड़े कई मीडिया अकाउंट से पाकिस्तानी विमान को मार गिराने का दावा किया गया है। दावा किया गया है कि तालिबान के एंटी-एयर डिफेंस सिस्टम से पाकिस्तान के विमान पर हमला किया होगा।अफगानिस्तान इस्लामिक अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में दावा किया गया है कि डूरंड लाइन पर पाकिस्तान की मिलिट्री सरकार की चौकियों के खिलाफ अफगान सेना का जवाबी ऑपरेशन, चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ फसीहुद्दीन फितरत के आदेश पर 12:00 बजे खत्म हो गया। बयान के मुताबिक ऑपरेशन में पाकिस्तान की मिलिट्री सरकार के 55 सैनिक मारे गए हैं। अफगान सेना ने कई पाकिस्तानी सैनिकों के शवों को जब्त कर लिया है। इसके अलावा कई पाकिस्तानी सैनितकों को जिंदा पकड़ने का भी दावा तालिबान ने किया है।
अफगानिस्तान रक्षा मंत्रालय के बयान में यह भी कहा गया कि ऑपरेशन के दौरान अफगान सेना ने मिलिट्री सरकार के दो हेडक्वार्टर और 19 चेक पोस्ट पर कब्जा कर लिया है। बयान में बताया गया कि ऑपरेशन में आठ अफगान सैनिक "शहीद" हो गए और 11 दूसरे घायल हो गए हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि तोरखम में लौटने वालों के लिए एक टेम्पररी कैंप पर पाकिस्तान सेना के एयरस्ट्राइक में महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि ये ऑपरेशन अफगान इलाके पर पाकिस्तान की मिलिट्री सरकार के हालिया एयरस्ट्राइक के जवाब में किए गए थे।
टोलो न्यूज ने एक वीडियो दिखाया है जिसमें कुनार के नवपास इलाके में इस्लामिक अमीरात ऑफ़ अफगानिस्तान की सेना के जवाबी ऑपरेशन को दिखाया गया है। इसमें पाकिस्तान सेना के एक मिलिट्री पोस्ट को जलते हुए देखा जा सकता है। डूरंड लाइन पर पाकिस्तान की सेना के कई चौकियों हमलों का वीडियो जारी किया गया है। अफगानिस्तान की सेना के सीनियर सोर्स के हवाले से अलजजीरा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि गुरुवार के हमलों में 10 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और 13 चौकियों पर कब्जा कर लिया गया है। अफगान तालिबान का कहना है कि ये हमले रविवार को बॉर्डर पर पाकिस्तानी हमलों का बदला लेने के लिए किए गए थे। हालांकि ये रिपोर्ट कल देर शाम की है और रातभर दोनों पक्षों के बीच जंग जारी रही है।



