Spread the love

नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका ने डिफेंडिंग चैंपियन भारत को अहमदाबाद में खेले गए नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सुपर 8 के मुकाबले में 76 रन के बड़े अंतर से हराया। यह भारत की रनों के मामले में टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी हार थी। इस हार के साथ ही भारत का अब सेमीफाइनल में पहुंचना कठिन हो गया है। भारत को अब जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने दोनों मैच जीतने होंगे और नेट रन रेट भी बेहतर करनी होगी कि अगर 4-4 अंक पर आकर पॉइंट्स टेबल फंसता है तो भारत आगे निकल जाए। हालांकि भारत की इस हार पर पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद हफीज ने बयान दिया है।

मोहम्मद हफीज ने अपने बयान में क्या कहा?

एक पाकिस्तानी शो पर मोहम्मद हफीज ने भारत और साउथ अफ्रीका के मैच को लेकर बात की। उसपर उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीका ने भारत से 2024 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का बदला लिया है। उन्होंने कहा, ‘यह एक बदला था।’ बता दें कि 2024 का टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था।भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराया था। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 176 रन बोर्ड पर लगाए थे। 177 रन के टारगेट का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 8 विकेट पर 169 रन ही बना पाई थी।

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। ऐसे में साउथ अफ्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 187 रन बनाए। डेविड मिलर ने सर्वाधिक 63 रन बनाए। भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए।

188 रन के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम की बैटिंग पूरी तरह से कॉलैप्स कर गई। टीम इंडिया 18.5 ओवर में 111 रन ही ऑल आउट हो गई। शिवम दुबे ने 42 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन भी नहीं बना पाया। मार्को यानसन ने साउथ अफ्रीका के लिए सर्वाधिक 4 विकेट लिए।