एक्टर सोनू सूद ने कोविड के दौरान लॉकडाउन में सैंकड़ों लोगों की मदद की थी और ‘मसीहा’ बनकर उभरे थे। तबसे वह लगातार जरूरतमंदों की मदद करते आ रहे हैं। और अब उन्होंने दुबई में फंसे लोगों की मदद का बीड़ा उठाया है। ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले के बाद अबू धाबी और दुबई समेत मिडल ईस्ट में कई भारतीय और अन्य देशों के लोग फंसे हुए हैं। कई भारतीय सेलेब्स भी वहां फंस गए थे, जिनमें से कुछ तो वापस लौट आए हैं और कुछ अभी वहीं पर हैं। सोनू सूद ने अब दुबई में फंसे लोगों को फ्री में रहने की जगह मुहैया करवाने की बात कही है।
सोनू सूद दुबई में फंसे लोगों को मुफ्त में दिलवाएंगे रहने की जगह
सोनू सूद ने कहा है कि दुबई में फंसे लोग चाहे भारतीय हों या किसी भी देश के हों, वो सबकी मदद करेंगे। इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो बनाकर शेयर किया है। साथ में लिखा है, ‘युद्ध की वजह से दुबई में कई यात्री फंसे हुए हैं। अगर आप या आपके किसी परिचित के पास रहने की जगह नहीं है, तो हम मुफ्त में सुरक्षित जगह उपलब्ध करवा रहे हैं। चाहे किसी भी नेशनैलिटी के हों, कोई पाबंद नही है और कोई शर्त नहीं है। सिर्फ इंसानियत के नाते मदद की जा रही है। अगर आपको मदद चाहिए तो हमें इंस्टाग्राम पर मैसेज करें। @dugastaproperties प्लीज इसे शेयर करें ताकि यह किसी जरूरतमंद तक पहुंच सके।’
सोनू सूद बोले- किसी भी देश के हों, मुझसे संपर्क करें
वहीं, अपने X अकाउंट पर शेयर किए वीडियो में सोनू सूद बता रहे हैं कि दुबई के अंदर हिंदुस्तानियों के अलावा जिस भी देश के लोग फंसे हैं, वो बेहिचक आराम से उनसे संपर्क कर सकते हैं। सोनू सूद ने कहा है कि वह उन सभी लोगों को मुफ्त में रहने की व्यवस्था मुहैया करवाएंगे। जिन्हें मदद की जरूरत है वो सोनू सूद को उनके इंस्टाग्राम अकाउंट @sonu_sood पर DM (डायरेक्ट मैसेज) कर दें।’
ईरान पर अमेरिका-इजरायल पर हमले का छठा दिन
मालूम हो कि ईरान पर अमेरिका-इजरायल ने 28 फरवरी को मिसाइल से हमला बोल दिया था, जिसके बाद ईरान ने भी पलटवार किया। उसने मिडल ईस्ट के अलावा वहां अमेरिकी सेना के ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच छह दिनों से युद्ध जारी है, जिसमें सैंकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। अमेरिका और इजरायल ने मिलकर गुरुवार, 5 फरवरी को भी ईरान को फिर निशाना बनाया और कई अहम ठिकानों पर मिसाइलें दागीं।
जब सोनू सूद ने की जरूरतमंदों की मदद
सोनू सूद की बात करें, तो यह पहली बार नहीं है, जब उन्होंने जरूरतमंद और मुश्किल में फंसे लोगों की मदद के लिए अपने हाथ आगे बढ़ाए हैं। यहां वो मौके बता रहे हैं, जब सोनू सूद ‘मसीहा’ बन मदद के लिए खड़े हुए:
- कोरोना काल में जब प्रवासी मजदूर फंसे थे, तो उन्हें उनके घर पहुंचाने में सोनू सूद ने बहुत मदद की थी। तब वह उनके ‘मसीहा’ बनकर उभरे थे। जिसने भी जहां भी जिस तरह की मदद मांगी, सोनू सूद ने तुरंत हाथ बढ़ाकर मदद की। उन्होंने लोगों को खाने से लेकर दवाइयां, अस्पताल में बिस्तर, ऑक्सीजन और PPE किट्स भी मुहैया करवाई थीं।
- सोनू सूद ने कुछ साल पहले पिता के सम्मान में ‘शक्ति अन्नदानम’ की शुरुआत की थी, जिसके तहत वह रोजाना 45 हजार लोगों को खाना खिलाते हैं। यह अभी भी जारी है।
- सोनू सूद ने एक ‘प्रवासी रोजगार ऐप’ भी बनाया था, जिसके तहत कोरोना काल में नौकरी खोने वाले मजूदरों और श्रमिकों को नौकरी दिलवाने में मदद की जा सके।
- साल 2025 में जब पंजाब में बाढ़ आई, तो सोनू सूद तुरंत ही मदद को खड़े हो गए थे। बाढ़ में पंजाब के कई गांव जलमग्न हो गए थे। तब सोनू सूद ने अपने फाउंडेशन के जरिए बाढ़ से प्रभावित इलाकों में दवाइयां, खाना और बाकी सामान बांटा था। उन्होंने कई गांवों में राहत का सामान पहुंचाया था।



