‘कांतारा’ और ‘कांतारा: चैप्टर वन’ से तहलका मचाने वाले स्टार ऋषभ शेट्टी ने सोशल मीडिया पर अपने कुछ को-स्टार्स के साथ होम्बले फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस को अनफॉलो कर दिया है। होम्बले फिल्म्स ने ही ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा: चैप्टर वन’ को प्रेजेंट किया था। ऐसे में ऋषभ शेट्टी के इस कदम ने हलचल पैदा कर दी है। एक्टर ने को-स्टार्स रुकमणि वसंत और राज बी शेट्टी भी अनफॉलो कर दिया है। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि कहीं ऋषभ शेट्टी की अपने इन को-स्टार्स से लड़ाई या मतभेद तो नहीं हो गया है?
ऋषभ शेट्टी ने रुकमणि, राज बी शेट्टी और होम्बले फिल्म्स को किया अनफॉलो
दरअसल, ऋषभ शेट्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी following लिस्ट में कहीं भी न तो रुकमणि वसंत का नाम है और ना ही राज बी शेट्टी और होम्बले फिल्म्स का। हालांकि, अभी एक्टर या अन्य लोगों की तरफ से इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि ‘कांतारा’ के मेकर्स होम्बले फिल्म्स को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने के बावजूद, ऋषभ शेट्टी इसके फाउंडर विजय किर्गंदुर को जरूर फॉलो कर रहे हैं।
ऋषभ शेट्टी ने इन तीनों को क्यों किया अनफॉलो?
अब ऋषभ शेट्टी ने रुकमणि वसंत, राज बी शेट्टी और होम्बले फिल्म्स को क्यों अनफॉलो किया है, फिलहाल इसकी कोई वजह सामने नहीं आई है, पर कयासों का दौर शुरू हो गया है। अनबन के कयास लगाए जाने लगे हैं। ‘कांतारा: चैप्टर वन’ की बात करें, तो इसमें गुलशन देवैया, जयराम, प्रमोद शेट्टी और राकेश पुजारी भी थे।
कभी राज शेट्टी की करते थे तारीफ, कहां बिगड़ी बात?
मालूम हो कि एक समय पर ऋषभ शेट्टी, रक्षित शेट्टी और राज बी शेट्टी को ‘शेट्टी ट्रायो’ कहा जाता था। तीनों किसी भी मौके पर एक-दूसरे की तारीफ और सपोर्ट का मौका नहीं छोड़ते थे। हालांकि, जब 2025 में ऋषभ शेट्टी ने कन्नड़ फिल्म 45 की तारीफ की, तो उन्होंने कहीं भी राज बी शेट्टी का जिक्र नहीं किया, जबकि वह फिल्म का अहम किरदार रहे। राज बी शेट्टी को छोड़ ऋषभ ने उपेंद्र और शिवराज कुमार की जमकर तारीफ की। इसी के बाद से ऋषभ शेट्टी और राज बी शेट्टी के बीच मनमुटाव की खबरें आने लगी थीं।
‘जय हनुमान’ में नजर आएंगे ऋषभ शेट्टी, शूटिंग शुरू
अब ऋषभ शेट्टी फिल्म ‘जय हनुमान’ में नजर आएंगे, जिसे प्रशांत वर्मा डायरेक्ट कर रहे हैं। यह साल 2024 में आई फिल्म ‘हनु मैन’ का सीक्वल है, जो सुपरहिट रही थी। फिल्म की शूटिंग हंपी में फरवरी 2026 में शुरू हुई और इससे ऋषभ का फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है, जिसे काफी पसंद किया गया।



