नई दिल्ली: टी20 क्रिकेट के यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल अपनी दमदार बल्लेबाज के लिए पूरी दुनिया में काफी ज्यादा मशहूर हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में काफी बड़ा नाम कमया है। हालांकि साल 2021 के आईपीएल में उन्होंने अचानक से लीग बीच में ही छोड़ दी थी। अब उन्होंने आखिरकार आईपीएल 2021 के बीच में ही लीग छोड़ने के पीछे की वजह का खुलासा किया है। एक पॉडकास्ट पर बात करते हुए गेल ने पंजाब किंग्स पर उनका अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि टीम में उन्हें एक सीनियर खिलाड़ी के रूप में सम्मान नहीं मिला, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गए थे।
क्रिस गेल ने कही ये बात
गेल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि ‘सच कहूं तो, पंजाब किंग्स में मेरा अपमान हुआ था। मुझे लगा कि मेरे साथ एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर ठीक से व्यवहार नहीं किया गया, जिसने लीग और टीम के लिए इतना कुछ किया है। इसके बजाय उन्होंने मेरे साथ एक बच्चे की तरह व्यवहार किया।’ उन्होंने आगे कहा कि अपने जीवन में पहली बार उन्हें ऐसा लगा कि वह डिप्रेशन में जा रहे हैं।
अभी भी आईपीएल में वापसी के लिए तैयार हैं क्रिस गेल
गेल ने कहा कि वह आज भी आईपीएल में वापसी के लिए तैयार हैं, लेकिन उनके मन में कुछ शिकायतें हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेरे साथ बुरा व्यवहार किया गया। मैं उपलब्ध हूं अगर वे मुझे चाहते हैं, तो मैं आऊंगा। लेकिन हां, मेरे मन में कुछ शिकायतें हैं।’ यह साफ है कि गेल को उस अपमान का बहुत गहरा दुख है और वह यह भी चाहते हैं कि अगर वह वापस आते हैं तो उनके साथ सम्मान से व्यवहार किया जाए। गेल जैसे खिलाड़ी का इतना बड़ा दावा आईपीएल में विदेशी खिलाड़ियों के साथ फ्रेंचाइजी के तौर तरीकों पर सवाल खड़ा करता है।



