राजपाल यादव को पिछले दिनों करीब 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा। राजपाल यादव ने साफ-साफ कह दिया था कि उनके पास अब जेल की सजा काटने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं क्योंकि पैसे नहीं हैं। इसके बाद से बॉलीवुड से लेकर राजनैतिक दुनिया के तमाम लोग सामने आए और अपने पॉकेट के हिसाब से उन्होंने मदद की। राजपाल को तत्काल मदद करने वालों में फिल्मी सितारों के अलावा राव इंद्रजीत यादव, तेज प्रताप यादव जी जैसे नाम भी सामने आए। अब जेल से रिहा होने के करीब 35 दिनों बाद राजपाल यादव ने उनलोगों के नाम संदेश दिया है जिन्होंने उस बुरे वक्त में उनकी मदद की।
बता दें कि राजपाल यादव 17 फरवरी 2026 को 12 दिनों तक दिल्ली की तिहाड़ जेल में रहने के बाद रिहा हो गए। हालांकि, उन्हें जमानत 16 फरवरी को मिल चुकी थी लेकिन कागजी काम में देरी के चलते वो 17 फरवरी को रिहा हुए। अब राजपाल ने उस वक्त उनकी मदद के लिए सामने आए लोगों का आभार व्यक्त किया है।
राजपाल यादव ने कहा- राव इंद्रजीत यादव जी, आपका बहुत-बहुत आभार
राजपाल यादव एक वीडियो में कहते दिख रहे हैं, ‘राव इंद्रजीत यादव जी, आपका बहुत-बहुत आभार। आपने हमारी मदद करने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। साथ में हृदय से आभारी हूं भाई तेज प्रताप यादव जी का, जो जनशक्ति जनता दल के संस्थापक हैं। आप राजनीति की सेवा कर रहे हैं। भविष्य के लिए आपको ढेरों शुभकामनाएं। हम अभिनेता हैं, हम आपको ढेर सारी शुभकामनाएं अपने प्रदेश की, अपने देश की सेवा करने के लिए आपको देते हैं। ऊपर वाला आपको बहुत-बहुत शक्ति प्रदान करे, ऐसी ही कामना कर रहे हैं।’
तेज प्रताप यादव ने दिए थे 11 लाख रुपये
बताते चलें कि जहां राव इंद्रजीत सिंह ने उन्हें ₹1,11,00,000 (1.11 करोड़) रुपये की मदद की थी, वहीं तेज प्रताप यादव ने एक्टर को ₹11,00,000 (11 लाख) रुपये की मदद की थी।
राजपाल बोले- मैं हृदय से बच्चे, बूढ़े, नौजवान सबका आभारी
राजपाल यादव ने आगे कहा, ‘साथ में पूरे देश में चाहे कोई ब्राह्मण, पंडित, संत, फकीर, महावीर, बुद्ध विवेक, जैन…सब लोगों ने जिस तरीके से हमारे लिए रिक्शा चलाने वाले से लेकर प्लेन चलाने वाले तक, सिक्यॉरिटी गार्ड से लेकर हर विभाग के हर आदमी ने जिस तरह इंडिविजुअल प्रयास किया, प्रार्थना की, आशीर्वाद दिया, मैं हृदय से बच्चे, बूढ़े, नौजवान सबका आभारी हूं।’
चेक बाउंस केस में अगली सुनवाई 1 अप्रैल को
यहां बता दें कि चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में हाल ही में 18 मार्च को सुनवाई हुई। राजपाल यादव के वकील ने अदालत को बताया, ‘हमने नियमित जमानत के लिए याचिका दाखिल कर दी है। संबंधित कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को अब तक 4.45 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है और 25 लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट दिया जा रहा है।’ अदालत ने एक्टर की ओर से दी गई दलील को सुनने के बाद कहा कि अगर राजपाल यादव पूरा बकाया चुकाते हैं, तो केस खत्म किया जा सकता है। अगर वह इस पर कानूनी बहस जारी रखना चाहते हैं, तो फिर मामले को उसी दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा। अब इस पूरे मामले की अगली सुनवाई 1 अप्रैल को होगी। हालांकि, राजपाल ने कहा कि वो इस मामले पर अब बहस करके ही सुलझाएंगे।



