कोलकाता, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमला करने की धमकी पर जवाब दिया। राजनाथ ने कहा कि आसिफ को इस तरह का भड़काऊ बयान नहीं देना चाहिए था।
55 साल पहले जब पाकिस्तान दो हिस्सों में बंटा था। तब उन्हें इसके बुरे नतीजे भुगतने पड़े थे। अगर उन्होंने बंगाल पर बुरी नजर डालने की कोशिश की, तो भगवान ही जाने कि इस बार पाकिस्तान के कितने टुकड़े हो जाएंगे।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने 4 अप्रैल को सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए भारत को धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर भारत कोई फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन (छिपकर हमला) करता है, तो इस बार संघर्ष सिर्फ सीमा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कोलकाता तक पहुंच सकता है।
बंगाल चुनाव में TMC ने उठाया पाकिस्तान की धमकी वाला मुद्दा….
- टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी सोमवार को बोले कि, खुद को ’56 इंच’ वाला बताने वाले प्रधानमंत्री और उनके गृह मंत्री चुनाव प्रचार में इतने व्यस्त हैं कि उनके पास बंगाल के खिलाफ बाहरी हमले की सीधी धमकियों का जवाब देने का समय ही नहीं है।
- पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा- आप (पीएम मोदी) चुनावी रैलियों में बंगाल को टारगेट करते हैं। लेकिन जब पाकिस्तान कोलकाता पर हमला करने की बात करता है तब आप चुप रहते हैं। आपको इस्तीफा दे देना चाहिए।
उमर अब्दुल्ला बोले- कोलकाता पहुंचने का ख्याब भूल जाना चाहिए
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा- अभी ऑपरेशन सिंदूर को पूरा हुए एक साल भी नहीं हुआ। क्यों हमें मजबूर कर रहे हैं याद दिलाने पर कि किस तरह के हालात बने थे। कोलकाता तो दूर की बात वो मुश्किल से जम्मू पहुंचे। जम्मू में भी उन्होंने कुछ खास नुकसान नहीं किया था। मुल्क की राजधानी तक तो पहुंच नहीं पाए, कोलकाता पहुंचने का ख्वाब भूल जाना चाहिए।



