Spread the love

कोलंबो: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े महामुकाबले यानी भारत बनाम पाकिस्तान के लिए टीम इंडिया कोलंबो पहुंच चुकी है। एयरपोर्ट पर दोनों टीमों के स्वागत में जो जमीन-आसमान का अंतर दिखा, उसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। पाकिस्तान की टीम पिछले दो हफ्ते से श्रीलंका में मौजूद है। वहीं टीम इंडिया 13 फरवरी की रात कोलंबो पहुंची है।

कोलंबो में टीम इंडिया का शाही स्वागत

शुक्रवार रात जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम कोलंबो एयरपोर्ट पहुंची, तो वहां का नजारा किसी उत्सव जैसा था। श्रीलंकाई कलाकारों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और नृत्य के साथ टीम का भव्य स्वागत किया। इस दौरान अर्शदीप सिंह का मजाकिया अंदाज भी दिखा, जब वह कलाकारों की नकल उतारते हुए उन्हीं की शैली में डांस करने लगे। हार्दिक पंड्या भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ एयरपोर्ट पर नजर आए। टीम इंडिया की धमक देखकर ऐसा लग रहा था मानो मेजबान श्रीलंका ने रेड कार्पेट बिछा रखा हो।

पाकिस्तान का फीका आगमन

एक ओर जहां भारतीय टीम का स्वागत राजाओं की तरह हुआ, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी टीम के आगमन का वीडियो काफी साधारण रहा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पाकिस्तानी खिलाड़ी किसी ग्रामीण इलाके जैसे क्षेत्र से गुजरते दिखे, जहां न तो कोई क्रेज नजर आया और न ही कोई स्वागत करने वाला कलाकार। इस अंतर को देखकर फैंस कह रहे हैं कि श्रीलंका में टीम इंडिया का दबदबा साफ दिख रहा है, जबकि पाकिस्तानी टीम की एंट्री किसी सामान्य टूरिस्ट की तरह रही।

अभिषेक शर्मा के खेलने पर संशय बरकरार

मैदान पर साख की लड़ाई से पहले टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द अभिषेक शर्मा की फिटनेस है। पेट में इंफेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती रहने के बाद अभिषेक नामीबिया के खिलाफ मैच में टीम के साथ तो थे, लेकिन पूरी तरह फिट नहीं दिखे। टी20 के नंबर-1 बल्लेबाज की उपलब्धता पर अभी संशय बरकरार है। टीम इंडिया अपनी बादशाहत और पाकिस्तान के खिलाफ 7-1 के रिकॉर्ड को और बेहतर करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।