नई दिल्ली: देश-दुनिया में अमीरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। भारत में भी हर साल अमीर बढ़ रहे हैं। दुनियाभर के अमीरों को लेकर हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2025 (Hurun Global Rich List 2025) जारी हुई है। इसमें यह भी बताया गया है कि किस देश में अमीरों की संख्या कितनी है। साथ ही एक साल में इनकी संख्या कितनी बढ़ी और कम हुई, यह भी इस लिस्ट में दिया गया है।
पाकिस्तान की क्या स्थिति?
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2025 में 30 देशों में नाम शामिल हैं। ये वे देश हैं जहां अरबपतियों की संख्या 12 या इससे ज्यादा है। इस लिस्ट में पाकिस्तान का नाम नहीं है। यानी पाकिस्तान में अरबपतियों की संख्या 12 से कम हो सकती है।
भारत में कितने अरबपति?
हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार भारत में अरबपतियों की संख्या 284 हो गई है। इस साल भारत में 13 नए अरबपति बने हैं। 284 अरबपतियों के साथ भारत इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर है।
10 साल बाद अमेरिका टॉप पर
अमेरिका ने 10 साल बाद फिर से टॉप का स्थान हासिल किया है। ऐसा 96 नए अरबपतियों के आने से हुआ है। सिर्फ 17 लोग ही इस लिस्ट से बाहर हुए हैं, जिससे पता चलता है कि देश में कारोबार करने के नए मौके तेजी से बढ़ रहे हैं। न्यूयॉर्क अभी भी अरबपतियों का गढ़ है। यहां 129 अरबपति रहते हैं। 2016 में बीजिंग ने न्यूयॉर्क को इस मामले में पीछे छोड़ दिया था।
भारत से बाहर भी गए अरबपति
भारत से बाहर जाकर बसने वाले अरबपतियों की संख्या काफी ज्यादा है। 42 अरबपति अमेरिका जैसे देशों में चले गए हैं, जबकि दूसरे देशों से आकर भारत में बसने वाले अरबपतियों की संख्या सिर्फ 6 है। यहां हेल्थकेयर, कंज्यूमर गुड्स और इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स जैसे सेक्टरों में ज्यादा अरबपति हैं।