नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में 350 खिलाड़ी शामिल होंगे। बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजी के साथ लंबी बातचीत के बाद यह संख्या तय की है। यानी ऑक्शन से पहले ही करीब 1000 नाम हट चुके हैं।ऑक्शन 16 दिसंबर को अबु धाबी में होगा। शुरुआत में बीसीसीआई ने 1355 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की थी और टीमों से उन खिलाड़ियों के नाम पूछे थे जिन्हें वे ऑक्शन में देखना चाहते थे। छांटी गई फाइनल लिस्ट में 35 नए नाम शामिल हैं जो शुरुआती स्प्रेडशीट का हिस्सा नहीं थे। उनमें से एक चौंकाने वाला नाम क्विंटन डी कॉक का है।
डिकॉक का बेस प्राइस एक करोड़
साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने हाल में ही इंटरनेशनल क्रिकेट में संन्यास से वापसी की है। आईपीएल का पिछला सीजन उनके लिए खास नहीं था। इसी वजह से केकेआर ने रिलीज भी कर दिया। फ्रेंचाइजी के कहने पर डिकॉक का नाम ऑक्शन में शामिल होने वाले खिलाड़ियों में शामिल किया गया है। उनका बेस प्राइस एक करोड़ है, जो पिछली बार के आधी है। उनका नाम बोली के तीसरे लॉट में आएगा।



