Spread the love

नई दिल्ली: रूस की एनर्जी कंपनी रोसनेफ्ट भारत में नायरा एनर्जी में अपनी हिस्सेदारी बेचना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के साथ उसकी बात बन सकती है। पहले कई भारतीय कंपनियों से बात की गई लेकिन बात नहीं बनी। सरकारी कंपनियों ने भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। अब रिलायंस और रोसनेफ्ट के बीच शुरुआती बातचीत शुरू हो गई है। हालांकि अभी यह शुरुआती दौर में है। रोसनेफ्ट अपनी हिस्सेदारी के लिए 20 अरब डॉलर मांग रही थी। इतनी ज्यादा कीमत की वजह से पहले कई कंपनियों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी।

सूत्रों के अनुसार, रोसनेफ्ट ने अब अपनी डिमांड को थोड़ा कम करके 17 अरब डॉलर कर दिया है। लेकिन यह कीमत भी रिलायंस के लिए बहुत ज्यादा है। हालांकि RIL ने इसे बाजार की अफवाह बताया है। लेकिन अगर यह बातचीत सफल होती है, तो रिलायंस भारत की सबसे बड़ी रिफाइनरी कंपनी बन जाएगी। वह इंडियन ऑयल को पीछे छोड़ देगी। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस गुजरात के जामनगर में दुनिया की सबसे बड़ी रिफाइनरी चलाती है। इसकी क्षमता 68 मिलियन टन प्रति वर्ष है।