रांची: झारखंड के रहने वाले गेंदबाज मनीषी ने दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन और नॉर्थ जोन के मैच की पहली पारी में सभी छह बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसमें खास बात यह है कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा एलबीडब्ल्यू आउट करने वाले गेंदबाज के रिकॉर्ड की बराबरी उन्होंने की है।
बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड की हरी पिच पर ईस्ट जोन के कप्तान रियान पराग ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मनीषी ने अपनी पहली ही गेंद पर अंकित कुमार को एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने शुभमन खजुरिया, यश धुल, कन्हैया वाधवान, औकिब नबी और हर्षित राणा को भी एलबीडब्ल्यू कर ऐतिहासिक छह विकेट अपने नाम किए।
कौन हैं मनीषी?
मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार जैसे गेंदबाजों के साथ खेलते हुए, मनीषी इस मैच में ईस्ट जोन के सबसे सफल गेंदबाज बनकर उभरे। मनीषी ने पिछले 3 वर्षों में सिर्फ 9 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच ही खेले थे। उन्होंने हालांकि काफी प्रभाव छोड़ा है। पिछले साल रणजी ट्रॉफी सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, जिसमें उन्होंने 27.22 के औसत से 22 विकेट लिए थे। हाल ही में दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 111/6 आंकड़ा हासिल किया। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ आंकड़ा 49/4 था।
पहले बल्लेबाज थे मनीषी, फिर इन सूरमाओं को देखकर बने गेंदबाज
मनीषी शुरुआत में कोचिंग एकेडमी में गए। ऐसे में जब उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया तो वो सबसे पहले बैटर के तौर पर खेले। बात में न्यूजीलैंड के स्पिनर डेनियल विटोरी, श्रीलंका के रंगना हेराथ और रविंद्र जडेजा को देखकर उन्होंने स्पिन गेंदबाजी शुरू की। मनीषी के क्रिकेट करियर की बात करें तो इस मैच से पहले वो 8 फर्स्ट क्लास मैचों में 25 विकेट ले चुके हैं।मनीषी ने 6 बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट कर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। झारखंड के 21 साल के लेफ्ट आर्म स्पिनर मनीषी ने अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा दिया है। मनीषी ने अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कुल 25 विकेट हासिल किए हैं, जिसमें वह एक बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।



