Spread the love

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के महामुकाबले की काफी ज्यादा चर्चा हो रही थी। ऐसा लग रगा था इस बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान भारत को अच्छी टक्कर देगा। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के सामने घुटने टेक दिए। पाकिस्तान 61 रन से भारत से मुकाबला हार गया। पाकिस्तानी फैंस और उनके पूर्व खिलाड़ियों को यह हार काफी ज्यादा चुभी। जहां शोएब अख्तर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी को जमकर सुनाया। वहीं पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने अपने दामाद शाहीन अफरीदी को ही आड़े हाथ ले लिया।

शाहिद अफरीदी ने शाहीन को बाहर करने की मांग की

पाकिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने एक पाकिस्तानी शो पर कहा कि सीनियर खिलाड़ी शाहीन अफरीदी, बाबर आजम और शादाब खान को टीम से बाहर कर देना चाहिए। उनकी जगह जूनियर प्लेयर्स को मौका देना चाहिए। नए खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह नामीबिया के खिलाफ मैच से ही ऐसा करना चाहेंगे।

शाहिद अफरीदी ने इन तीनों प्लेयर्स को हटाने की बात करते हुए कहा, ‘हम सब इतने अरसे से देख रहे हैं यह लोग खेले जा रहे हैं, खेले जा रहे हैं। जहां हमारी उम्मीदें होती हैं कि इस टीम के खिलाफ यह अच्छा परफॉर्म करेंगे। इतने सीनियर प्लेयर हैं। वहां अगर सीनियर नहीं करके दे रहे आपको तो जूनियर जो बाहर बैठे हैं उन्हें खिलाएं फिर, फिर क्या ज्यादा फर्क है।’ बता दें कि शाहीन अफरीदी ने शाहिद अफरीदी की बेटी अंशा अफरीदी से शादी की हुई है। दोनों का निकाह 2023 में हुआ था।

खराब फॉर्म में चल रहे हैं शाहीन अफरीदी

25 साल के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के लिए अब तक यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 यादगार नहीं रहा। उन्होंने 3 मैच में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं। भारत के खिलाफ 2 ओवर में 31 रन देकर शाहीन ने 1 विकेट लिया। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 42 रन देकर 1 विकेट लिया जबकि नीदरलैंड्स के खिलाफ 3 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट झटका।