भोजपुरी फिल्मों की क्वीन कही जाने वालीं काजल राघवानी अपनी एक फिल्म को लेकर चर्चा में हैं, जिसका नाम है ‘वैदेही’ और ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म में काजल राघवानी वैदेही नाम की एक ऐसी लड़की का किरदार निभा रही हैं, जिसकी शादी एक ऐसे घर में कर दी जाती है, जहां कोई भी मिलकर नहीं रहता। वैदेही कैसे उस चिड़ियाघर रूपी घर को वृंदावन बनाती है, वह बड़ी खूबसूरती से ट्रेलर में दिखाया गया है। ‘वैदेही’ का ट्रेलर काफी दिलचस्प है और इसे खूब पसंद किया जा रहा है।
‘वैदेही’ के ट्रेलर में क्या है?
‘वैदेही’ एक भावुक कर देने वाली फैमिली ड्रामा फिल्म है। ट्रेलर में उन पलों की भी झलक दिखाई गई है, जब वैदेही के पति की एक हमले में मौत हो जाती है और वह विधवा हो जाती है। उस वक्त ससुर एक पिता बनकर बहू का कैसे साथ देता है, वह दिल छू लेने वाला है। काजल राघवानी भी खूब जमी हैं और वैदेही के किरदार में दमदार लगी हैं। कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जो हमेशा के लिए दिलों पर छाप छोड़ जाती हैं और ‘वैदेही’ की कहानी कुछ ऐसी ही है। इसकी झलक फिल्म के ट्रेलर में भी नजर आती है।



