बॉलीवुड के ‘हीमैन’ धर्मेंद्र के निधन को तीन महीने हो चुके हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2025 को आखिरी सांस ली थी और पूरा परिवार अपने पीछे रोते-बिलखते छोड़ गए थे। उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर तो मीडिया से बात नहीं करतीं। लेकिन दूसरी पत्नी, सांसद और एक्ट्रेस हेमा मालिनी अपने दर्द को छिपा नहीं पातीं। वह उसे जाहिर करती हैं जो कि दिल कचोटने वाला होता है। उन्होंने लेटेस्ट इंटरव्यू में भी एक्टर को याद किया है और बताया है कि वह उनसे दोबारा मिलने का इंतजार करती हैं।
दरअसल, धर्मेंद्र को BAFTA अवॉर्ड सेरेमनी में श्रद्धांजलि दी गई थी। इस बारे में जब ‘वैरायटी इंडिया’ ने हेमा मालिनी से सवाल किया तो उन्होंने इसे ‘दिल छू लेने वाला’ बताया। एक्ट्रेस ने बताया कि अपने दौर में वह दोनों सबसे व्यस्त कलाकार थे। इसलिए वह दोनों अक्सर साथ में फिल्में साइन किया करते थे, जिससे साथ में समय बिता सकें। उन्होंने कहा, ‘हम शूटिंग के साथ-साथ ज्यादा ट्रैवेल नहीं कर सकते थे। इसलिए साथ में कई फिल्में साइन करते थे, जिससे साथ वक्त गुजार सकें।’
धर्मेंद्र की याद में हेमा मालिनी
एक्ट्रेस से दिवंगत अभिनेता के जाने पर खलने वाली कमी के बारे में सवाल किया गया तो वब बोलीं, ‘मुझे हर पल उनकी याद आती है। मैं खुद से यही सवाल करती हूं कि क्या वो वाकई चले गए हैं? मेरी उनसे दोबारा मुलाकात कब होगी?’ बता दें कि दोनों ने इस्लाम कबूलकर 1980 में शादी की थी। इन्हें दो बेटियां- अहाना और ईशा हुई थीं। एक्टर पहले से ही चार बच्चों के पिता था। बावजूद इसके एक्ट्रेस ने उनके साथ नया सफर शुरू करने का फैसला किया था।
हेमा मालिनी ने नहीं देखी धर्मेंद्र की फिल्में
‘ड्रीम गर्ल’ ने बताया कि उन्हें एक्टर की फिल्म ‘चुपके चुपके’ बेहद पसंद है। हालांकि दोनों को ‘शोले‘ ज्यादा अच्छी लगती है क्योंकि उसकी शूटिंग के दौरान दोनों ने खास पल बिताए थे। इसके अलावा ये भी खुलासा किया कि उन्होंने दिवंगत पति की सभी फिल्में नहीं देखी हैं। लेकिन समय मिलते ही वह उनकी सभी फिल्में देखेंगी।
हेमा मालिनी ने अलग रखी थी प्रेयर मीट
हेमा मालिनी और सनी देओल ने धर्मेंद्र की अलग-अलग प्रार्थना सभा रखी थी। इसकी वजह के बारे में जब पूछा गया था तो उन्होंने ‘ईटाइम्स’ से कहा था कि ये उनका पर्सनल मैटर है। उन लोगों ने आपस में बात करके ये कदम उठाया था। एक्ट्रेस ने मुंबई, दिल्ली और मथुरा में प्रेयर मीट का आयोजन किया था। जबकि सनी देओल ने अपने मुंबई वाले आवास पर पिता के लिए प्रार्थना सभा रखी थी।



