Spread the love

कोलंबो: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान पर भारत की 61 रनों की शानदार जीत के बाद सोशल मीडिया पर जश्न का माहौल है, लेकिन पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान के एक खास वीडियो ने इंटरनेट पर आग लगा दी है। इरफान ने अपने चिर-परिचित अंदाज में पाकिस्तान की हार पर चुटकी ली है। जिसे देखने के बाद पूरे पाकिस्तान को मिर्च लगी होगी।

इरफान का अफगान जलेबी डांस और पड़ोसियों पर तंज

मैच खत्म होते ही इरफान पठान ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह मशहूर गाने अफगान जलेबी पर थिरकते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन दिया, ‘पड़ोसियों, संडे कैसा रहा?’ इरफान का यह अंदाज सीधे तौर पर पाकिस्तानी फैंस की ओर एक मजाकिया तंज था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। यह पहली बार नहीं है, इरफान इससे पहले एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी में भी इसी गाने पर डांस कर जश्न मना चुके हैं, जो अब उनकी पहचान बन चुका है।

मैदान पर भारत का सुपर संडे

इरफान के जश्न की असली वजह मैदान पर भारत का वह दबदबा था, जिसने पाकिस्तान को खेल के हर विभाग में बौना साबित कर दिया। मुश्किल पिच पर ईशान किशन ने महज 40 गेंदों पर 77 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को 175 के स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ 87 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पाकिस्तान के स्पिन अटैक को पूरी तरह बेअसर कर दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम महज 114 रनों पर ढेर हो गई।

विश्व कप में 8-1 का ऐतिहासिक दबदबा

इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है। भारतीय फैंस इरफान पठान के इस वीडियो को अपनी जीत के एन्थम की तरह शेयर कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर पठान की यह डांस डिप्लोमेसी पाकिस्तान की हार की चुभन को उनके फैंस के लिए और अधिक बढ़ा रही है, जबकि भारतीय समर्थक इसका जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।