Spread the love

तेल अवीव: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को दावा किया कि अमेरिका और ईरान के हवाई हमलों ने ईरान की सैन्य क्षमता को बहुत कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान की यूरेनियम संवर्द्धन करने या बैलिस्टिक मिसाइल बनाने की क्षमता नष्ट हो चुकी है। नेतन्याहू ने कहा, ईरान अब न तो यूरेनियम संवर्द्धन कर सकता है और न ही बैलिस्टिक मिसाइलें बना सकता है। नेतन्याहू ने उन आलोचनाओं को खारिज किया कि ईरान के खिलाफ जंग में अमेरिका को इजरायल खींचकर लाया है।

ईरान युद्ध कब होगा खत्म?

मीडिया से बात करते हुए नेतन्याहू ने कहा, हम जीत रहे हैं और ईरान तबाह हो रहा है। उन्होंने कहा, हम अब उन फैक्ट्रियों को नष्ट कर रहे हैं, जो मिसाइलों और परमाणु हथियारों के पुर्जे बनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान में चल रहा युद्ध लोगों की सोच से पहले खत्म हो सकता है। नेतन्याहू ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस उन अफवाहों के बीच की है कि ईरान के हमलों में उन्हें मार दिया गया है।

विदेशी मीडिया को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने अपनी मौत से जुड़ी कॉन्सपिरेसी थ्योरी को खारिज किया और कहा, ‘सबसे पहले मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मैं जिंदा हूं और आप सब इसके गवाह हैं।’ ईरान के खिलाफ युद्ध शरू होने के बाद यह उनकी दूसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। ईरान को लेकर नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें नेतृत्व में दरारें दिख रही हैं।

अमेरिका को युद्ध में घसीटने से इनकार

नेतन्याहू ने इन आरोपों से इनकार किया कि इजरायल ने अमेरिका को इस युद्ध में घसीटा है। उन्होंने कहा, ‘क्या सच में किसी को ऐसा लगता है कि कोई राष्ट्रपति ट्रंप को यह बता सकता है कि उन्हें क्या करना चाहिए।’ नेतन्याहू ने यह भी कहा कि इजरायल ने अकेले ही ईरान में मौजूद पार्स फील्ड पर हमला किया था। इस हमले के जवाब में ईरान ने कतर के गैस क्षेत्र पर हमला किया था, जो दुनिया में LPG सप्लाई का सबसे बड़ा केंद्र है।