Spread the love

भारत ने इंग्लैंड को वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 100 रन से मात देकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को खेले गए इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 30 बाउंड्री के साथ 175 रन की यादगार पारी खेली। भारत ने इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में इस आईसीसी ट्रॉफी जीती थी।

दिग्गज खिलाड़ियों ने बधाई दी

भारतीय अंडर-19 टीम के चैंपियन बनने के बाद दिग्गज खिलाड़ी लगातार बधाई दे रहे हैं। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, ‘चैंपियंस! इस युवा टीम और उनके निडर क्रिकेट पर बहुत गर्व है। कोच और सपोर्ट स्टाफ समेत पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। इस पल का आनंद लें! जब आपके पास सूर्यवंशी हो, तो एक टाइमलेस ब्लॉकबस्टर की उम्मीद तो होगी ही! बहुत बढ़िया, वैभव!’विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने 2008 में अंडर-19 विश्व कप जीता था। विराट ने टीम को बधाई देते हुए लिखा- अंडर-19 भारतीय टीम को एक बार फिर वर्ल्ड कप जीतने पर बहुत-बहुत बधाई। एज ग्रुप क्रिकेट और उससे आगे भी हमारा दबदबा जारी है। पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को बहुत बढ़िया।भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने लिखा- तुम लड़कों पर गर्व है! सुनहरा भविष्य यहीं है। 2011 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे हरभजन सिंह ने लिखा- अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन। क्या जबरदस्त परफॉर्मेंस। टीम इंडिया को बधाई।

इरफान पठान ने लिखा- वर्ल्ड कप जीतने पर इंडिया अंडर-19 टीम को बहुत-बहुत बधाई। 2004 अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शिखर धवन ने बधाई देते हुए लिखा- एक बार फिर चैंपियन। भारत के लिए रिकॉर्ड छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप। वैभव के 175 रन और आयुष की कप्तानी पारी ने इसकी नींव रखी, और अंबरीश और गेंदबाजों ने इसे शानदार तरीके से खत्म किया। बहुत बढ़िया खेले।