Spread the love

नई दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इजराइली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्‍यवस्‍था पर खास रोशनी डाली। जल्‍द ही इसके टॉप 3 इकोनॉमी में शामिल होने की बात कही। साथ ही यह भी इजरायल के साथ भारत के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) पर भी हिंट दिया। उन्‍होंने बताया कि दोनों देशों की टीमें मिलकर इस पर काम कर रही हैं।

इजरायली संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘पिछले कुछ सालों से भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी इकोनॉमी रहा है। जल्द ही हम दुनिया की टॉप तीन इकोनॉमी में शामिल होंगे।’पीएम ने यह बात ऐसे समय में कही है जब हाल में भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था बनने की उपलब्धि हासिल की है। भारत की तेज रफ्तार अर्थव्‍यवस्था ने अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और वर्ल्‍ड बैंक जैसे संस्‍थानों को भी चौंकाया है।

इजरायल के साथ एफटीए के संकेत

प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल के साथ भारत के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट होने के भी संकेत दिए। उन्‍होंने कहा, ‘पिछले कुछ सालों में भारत ने दूसरे देशों के साथ कई जरूरी ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं…हमारी टीमें एक बड़े फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) पर बातचीत करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं…।’

बीते कुछ समय में भारत ने कई विकसित मुल्‍कों के साथ ट्रेड डील की है। इनमें यूरोपीय यूनियन (ईयू), अमेरिका और ब्रिटेन शामिल हैं। इन ट्रेड डील ने जहां दुनियाभर में भारतीय सामानों के लिए पहुंच बढ़ा दी है। वहीं, दूसरे देशों के सामानों के लिए भारत में दरवाजा खोला है।

इजरायली संसद में ‘मोदी-मोदी’ की गूंज

पीएम बोले कि भारत गाजा में शांति की पहल का समर्थन करता है। उन्होंने कहा, ‘शांति का मार्ग हमेशा आसान नहीं होता। लेकिन, भारत इस क्षेत्र में संवाद, शांति और स्थिरता के लिए आपके और विश्व के साथ खड़ा है।’

मोदी ने कहा, ‘मैं 1.4 अरब भारतीयों की ओर से शुभकामनाएं और मित्रता, सम्मान और साझेदारी का संदेश लेकर आया हूं।’

वह बोले, ‘हमारी सहभागिता का दायरा और विस्तार बढ़ा है और हम कई क्षेत्रों में इस संबंध को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

मोदी के संसद में पहुंचने पर सांसदों ने अपने स्थानों पर खड़े होकर ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। उनके भाषण के दौरान कई बार उन्होंने मेजें थपथपाकर प्रधानमंत्री की कई बातों का समर्थन किया।